हरदोई , समृद्धि न्यूज। मिशन शक्ति-फेज 5.0 अभियान के तहत रविवार को महिला पुलिस कर्मियों की बाइक रैली आयोजित की गई। रैली रिज़र्व पुलिस लाइन्स से शुरू होकर सिनेमा चौराहा, नुमाइश चौराहा, डीएम चौराहा होते हुए पुलिस लाइन पर समाप्त हुई।
जिलाधिकारी अनुनय झा और पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने हरी झंडी दिखाकर रैली का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी नृपेन्द्र, पश्चिमी मार्तण्ड प्रकाश सिंह व अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
जनपद के विभिन्न थानों से आई महिला पुलिसकर्मियों ने रैली में हिस्सा लिया। सड़कों पर बाइक चलाती महिला पुलिसकर्मियों को देख राहगीरों ने जगह-जगह स्वागत किया।
मिशन शक्ति-फेज 5.0 महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन पर केंद्रित है। यह अभियान महिलाओं को सामाजिक, आर्थिक और कानूनी रूप से सशक्त बनाने का प्रयास कर रहा है। साथ ही अपराध रोकथाम और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने पर भी ध्यान दे रहा है।
कार्यक्रम के समापन पर अधिकारियों ने कहा कि महिला सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने लोगों से महिला सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने और मिशन शक्ति को आगे बढ़ाने में सहयोग की अपील की। यह बाइक रैली जिले में महिला सशक्तिकरण का प्रतीक बनकर उभरी।
मिशन शक्ति चरण-5 के तहत बाइक रैली से दिया महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण का संदेश
