सरकारी नल में समरसेबिल डालकर कर रहा लोगों को परेशान
नवाबगंज, समृद्धि न्यूज। कस्बा नवाबगंज के मोहल्ला पुराना गनीपुर डाक्टर अखिलेश वर्मा वाली गली में कई वर्ष पहले खंड विकास कार्यालय नवाबगंज द्वारा एक नल लगवाया गया था। लगभग 1 वर्ष पूर्व उसी नल को मोहल्ले के एक दबंग व्यक्ति द्वारा अपना निजी नल बताकर उसमें समरसेबिल डालकर निजी पाइप लाइन डालकर फिटिंग कर ली गई थी। मोहल्ले के लोग जब उस नल पर पानी भरने जाते, तो दबंग व्यक्ति व उसके परिजन उन लोगों को गाली-गलौज कर वहां से भगा देते थे। लगभग एक माह पूर्व पड़ोस के रहने वाले एक युवक के बच्चे उस नल पर पानी भरने गए, तो दबंग व्यक्ति ने बच्चों को पानी भरने से मना कर दिया। जिस पर युवक की पत्नी ने विरोध किया, तो दबंग व्यक्ति व उसके परिजनों ने युवक के घर में घुसकर महिला व उसके बच्चों को मारपीट कर दी थी। दबंग व्यक्ति व महिला के पति को थाना पुलिस थाने ले गई। फिर दोनों में समझौता हो गया था और दबंग व्यक्ति ने नल से समरसेबिल निकाल लेने की बात कह कर समझौते पर हस्ताक्षर भी कर दिए थे। सब कुछ सही चल रहा था, लेकिन बुधवार को उस दबंग व्यक्ति ने फिर से मिस्त्री बुलाकर नल को खुलवाकर उसमें समरसेबिल डालने लगा। जिस पर मोहल्ले की महिलाओं ने विरोध जताया, तो दबंग व्यक्ति व उसके परिजनों ने गाली-गलौज करना शुरू कर दिया। जिस पर मोहल्ले की एक महिला ने यूपी 112 पर फोन कर घटना की सूचना दी। मौके पर पहुंचे 112 पुलिसकर्मी ने थाने पहुंच कर शिकायत करने की सलाह दी। जिस पर मोहल्ले की लगभग आधा दर्जन महिलाएं थाने पहुंचकर दबंग व्यक्ति व उसके परिजनों की मौखिक शिकायत की। थाना पुलिस ने जांच कर कार्यवाही करने का आश्वासन दिया। इस बात की जानकारी अधिशासी अधिकारी से करनी चाही तो उन्होंने लखनऊ मीटिंग में होने की बात कही। चेयरमैन अनिल राजपूत ने बताया कि व्यक्ति को पहले भी समझाया गया था कि विवाद न करे। यदि मोहल्ले के लोगों की सहमति नहीं है तो नल में समरसेबिल न डाले, लेकिन वह मानता ही नहीं है। फिर भी एक बार समझाने का प्रयास किया जाएगा।
दबंग के आगे पुलिस, ईओ, चेयरमैन सब नतमस्तक
