सिपाही ने पोस्ट वायरल कर जान देने की दी धमकी, कोतवाल फतेहगढ़ व आरआई पर लगाया उत्पीडऩ का आरोप

फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। कोतवाल फतेहगढ़ व पुलिस लाइन में तैनात आरआई पर उत्पीडऩ का आरोप लगाते हुए सिपाही ने सोशल मीडिया पर पोस्ट वायरल कर आत्महत्या कर लेने की धमकी दी है। जिससे पुलिस महकमे में हडक़ंप मच गया। वायरल हुए पोस्ट में पुलिस लाइन में तैनात सिपाही सुरेन्द्र सिंह ने लिखा कि प्रिय भाइयों मित्रों, अगर मेरे साथ कुछ भी गलत हो या मैं आत्महत्या कर लूं तो इसके जिम्मेदार मेरे ही विभाग के उच्चाधिकारी होंगे। मुझे बेवजह परेशान किया जा रहा है। मेरे मूल अधिकारों का भी हनन कर रहे हैं। सिपाही का कहना है कि इन अधिकारियों का मेरे जीवन में घुसने का कौन से संविधान में अधिकार है। ये उच्चाधिकारी मुझे किसी भी झूठे मुकदमे में जेल भी भेज सकते हैं। इनके उत्पीडऩ से तंग आ गया हूं। मेरे संग कोई घटना होती है तो उसके जिम्मेदार एसएचओ फतेहगढ़, प्रतिसार निरीक्षक व अन्य उच्चाधिकारी होंगे। पोस्ट वायरल होते ही पुलिस महकमे में हडक़ंप मच गया। इस संदर्भ में फतेहगढ़ कोतवाली प्रभारी रणविजय सिंह ने बताया कि सिपाही सुरेन्द्र सिंह जो भी आरोप लगाये गये है वह सरासर गलत है, मेरे यहां से उसका कोई मतलब नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *