नई दिल्ली: एनसीआर में विजयादशमी का पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है। 22 अप्रैल 2025 को पहलगाम में शहीद हुए पर्यटकों को श्रद्धांजलि दी जाएगी। रामलीला आयोजनों में आतंकवाद का पुतला जलाकर शहीदों को याद किया जाएगा। प्रधानमंत्री यमुनापार में दशहरा मनाएंगे, राष्ट्रपति लालकिला मैदान में बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश देंगी और बॉबी देओल भी रामलीला में शामिल होंगे। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, कांग्रेस नेता सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी और बॉलीवुड अभिनेता बॉबी देओल अलग-अलग जगहों पर रामलीला मंचन देखने पहुंचेंगे।
जानकारी के मुताबिक, राजधानी दिल्ली में आयोजित होने वाली रामलीलाएं देशभर में मशहूर है। इस बार रामलीला मंचन की खास तैयारियां की गई हैं। वहीं, विजयदशमी के दिन रावण दहन समारोह में कई राजनीतिक और फिल्मी जगत की हस्तियां पुतला दहन करने पहुंचते हैं, इस विजयदशमी पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु लालकिला मैदान में बने श्री धार्मिक लीला कमेटी पंडाल में आयोजित रामलीला देखने आएंगी। आईपी एक्सटेंशन की श्रीरामलीला कमेटी में 72 फीट का रावण, 66 फीट का कुंभकर्ण और 60 फेीट का मेघनाद का पुतला तैयार है। फरुखनगर के कारीगर मोहम्मद आजम की टीम ने इन्हें बनाया। पीएम के दौरे से स्थानीय लोग उत्साहित हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू लालकिला मैदान के माधव दास पार्क में श्रीधार्मिक लीला में तीर चलाकर बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश देंगी। उनके साथ मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और उपराज्यपाल वीके सक्सेना होंगे। लवकुश रामलीला में बॉबी देओल तीर चलाएंगे। यहां 100 फीट का रावण, 90 फीट का कुंभकर्ण और 80 फीट का मेघनाद का पुतला है, जो नाभि से अमृत, खून के आंसू और रंग-बिरंगी मालाओं के साथ आकर्षक होगा। नव श्री धार्मिक लीला कमेटी (पंजी0) के महामंत्री जगमोहन गोटेवाला ने बताया कि इस वर्ष दशहरा पर कांग्रेस संसदीय दल की चेयरपर्सन एवं कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी लालकिला मैदान में आयोजित लीला का अवलोकन करने पधारेंगी। इसके आलावा, दशहरा उत्सव के दिन श्री धार्मिक लीला कमेटी में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराज्यपाल वीके सक्सेना के साथ दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी मंचन देखने पहुंचेंगी। नव श्री धार्मिक लीला कमेटी (पंजी0) के महामंत्री ने कहा कि दशहरा के दिन लीला में श्रीराम द्वारा रावण वध एवं विजय उत्सव का भव्य मंचन किया जाएगा।
देश भर में दशहरा की धूम, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, पीएम मोदी, सोनिया गांधी, बॉबी देओल होंगे शामिल
