सैफई : थाना क्षेत्र के ग्राम नगला बेश में शुक्रवार की रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मामूली कहासुनी के बाद एक युवक ने शराब के नशे में फायरिंग कर दी। घटना में पति, पत्नी और साले समेत तीन लोग घायल हो गए। सभी को उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय, सैफई के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार नगला बेश गांव में आमने-सामने रहने वाले दो परिवारों के बीच गाय के बछड़े को हटाने को लेकर विवाद हुआ। इसी दौरान नशे में धुत सत्येंद्र यादव ने घर के अंदर से अवैध असलहा निकाला, छत पर चढ़ा और गोलियां चला दीं। उसका भाई नरेंद्र यादव नीचे से लाठी-डंडे लेकर हमला कर रहा था।
फायरिंग में अनिल कुमार के दाहिने पैर में गोली लगी, उनकी पत्नी संजू देवी के हाथ में चोट आई, जबकि साला पूरन सिंह के हाथ में छर्रे लगे। बताया गया कि एक गोली पास के पेड़ में भी जा धंसी।
पुलिस जांच में अब तक यह स्पष्ट हुआ है कि गोली लगने की घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है। दोनों पक्ष आमने-सामने रहने वाले हैं और दोनों के बीच झगड़ा हुआ था। दोनों ओर के लोगों को चोटें आई हैं।
प्रभारी निरीक्षक भूपेंद्र राठी ने बताया कि फायरिंग की सूचना पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। फील्ड यूनिट की टीम को बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है, आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।
मामूली कहासुनी पर शराब के नशे में की फायरिंग, पति, पत्नी और साला घायल
