एक किलोमीटर के दायरे में हिल गये मकान, मलबे में तब्दील हुआ कोचिंग सेंटर
डीएम व एसपी ने लोहिया अस्पताल पहुंचकर घायलों के लिए हालचाल
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। कोचिंग सेंटर के बेसमेंट में हुए विस्फोट में करीब दो दर्जन बच्चे घायल हो गये, जबकि दो बच्चों की मौत हो गयी। विस्फोट इतना भीषण था कि आसपास कई मीटर तक मकान हिल गये। घायलों को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना पाकर जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक लोहिया अस्पताल पहुंचे। आला अधिकारियों ने भर्ती घायलों से घटना के बारे में जानकारी की। साथ ही मौजूद चिकित्सकों को घायलों का बेहतर उपचार करने के निर्देश दिये।
जानकारी के अनुसार थाना कादरीगेट के सातनपुर आलू मंडी रोड पर द सन लाइब्रेरी व कोचिंग सेंटर संचालित है। जिसको थाना नवाबगंज के गुठिना निवासी योगेश राजपूत व रविन्द्र शर्मा संचालित संचालित करते हैं। शनिवर दोपहर लगभग ढाई बजे बच्चे कोचिंग सेंटर में पढ़ रहे थे। उसी दौरान अचानक कोचिंग सेंटर में भीषण विस्फोट हुआ। विस्फोट इतना तीव्र था कि कोचिंग सेंटर के अंदर का पूरा स्ट्रक्चर ध्वस्त हो गया। बाहर की स्लैब और पक्की दीवारें 50 मीटर दूर जा गिरीं, जबकि बाहर लगी लोहे की जाली डेढ़ सौ मीटर दूर पानी के गड्ढे में जा गिरी। घटना के समय पहली मंजिल पर पढ़ रहे 10 वर्षीय अभय पुत्र सुदीप श्रीवास्तव, 10 वर्षीय निखिल पुत्र नीलू यादव निवासी गुंजन बिहार कालोनी, 14 वर्षीय अंशुल पुत्र प्रदीप यादव व 13 वर्षीय आयुष यादव पुत्र प्रदीप यादव निवासी ग्राम मीरपुर, 14 वर्षीय अभय राजपूत पुत्र रघुवीर निवासी टिकुरियन नगला व 17 वर्षीय प्रभात पुत्र बबलू के साथ ही 25 वर्षीय आकाश सक्सेना पुत्र राजेश सक्सेना, 12 वर्षीय रिदम यादव पुत्र विवेक यादव, अंशिका गुप्ता पुत्री पंकज गुप्ता निवासी सेंट्रल जेल चौराहा के साथ 24 वर्षीय आकाश कश्यप पुत्र दीपक कश्यप निवासी निंनौआ फतेहगढ़ गंभीर रूप से घायल हो गये।
अंशुल यादव व आयुष के साथ ही प्रभात व अभय राजपूत का सेंट्रल जेल स्थित एक निजी अस्पताल में उपचार किया गया। जबकि अन्य घायलों को लोहिया अस्पताल भेजा गया। जहाँ आकाश सक्सेना को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि घायल आकाश कश्यप को बाहर के लिए रेफर कर दिया गया। आकाश कश्यप की रास्ते में कमालगंज के निकट मौत हो गयी। मृतक आकाश सक्सेना के पिता दारोगा है और वर्तमान में लखनऊ में तैनात हैं। वहीं मृतक आकाश कश्यप के पिता दीपक कश्यप नगर पालिका फर्रुखाबाद में सफाई कर्मी के पद पर तैनात हैं। ह्रदय विदारक घटना के बाद आकाश की माँ शशिलता व भाई अमित का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। दोनों मृतक युवक सेना भर्ती की तैयारी कर रहे थे। घटना की सूचना पर जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी, पुलिस अधीक्षक आरती सिंह लोहिया अस्पताल पहुंचे और घायलों के हालचाल लिये। आला अधिकारियों ने सीएमओ डॉ0 अवनींद्र कुमार, सीएमएस डॉ0 जगमोहन शर्मा और बाल रोग विशेषज्ञ अनूप दीक्षित, विवेक सक्सेना को घायलों का बेहतर उचपार करने के निर्देश दिये। इसके सौथ ही सीओ सिटी ऐश्वर्या उपाध्याय, नगर मजिस्ट्रेट संजय बंशल आदि भी मौके पर पहुंचे और जांच की।
पड़ोसी बोले विस्फोट भयानक था
घटना के संबंध में पड़ोसी अखिलेश दीक्षित का कहना है कि विस्फोट इतना तेज था कि उन्हें लगा उनके ही घर में धमका हुआ है। वह भयभीत होकर बाहर निकल आये। उन्हें बाहर बारुद की महक लग रही थी। उनका कहना है कि विस्फोट बारुद से हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रशासन को इसकी गहनता से जांच करनी चाहिए, ताकि सच्चाई सामने आ सके।
घटना के कारणों की जांच शुरु
विस्फोट के बाद छात्रों की खड़ीं मोटरसाइकिलें, स्कूटी और साइकिल जैसे अन्य वाहन भी 50 मीटर दूर तक जा गिरे। सूचना मिलते ही मौके पर फायर ब्रिगेड की दो गाडिय़ां, फतेहगढ़ और कादरीगेट थाना पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने कोचिंग सेंटर में मौजूद एक शिक्षक को हिरासत में लिया है और घटना के कारणों की जांच की जा रही है। सिटी मजिस्ट्रेट संजय कुमार बंसल, सीओ सिटी ऐश्वर्या उपाध्याय भी मौके पर पहुंच गए और उच्चाधिकारियों को घटना की सूचना दी।
