समृद्धि न्यूज। बिहार विधानसभा चुनाव से पहले रविवार को चुनाव आयोग ने पटना में प्रेस वार्ता की। चुनाव आयोग के बिहार दौरे का आज दूसरा दिन था। चुनाव आयोग ने विधानसभा चुनाव की तैयारियों की समीक्षा की,साथ ही प्रवर्तन एजेंसियों के प्रमुखों और नोडल अधिकारियों के साथ बैठक भी की, प्रेस कॉन्फे्रंस के दौरान चुनाव आयोग ने कहा कि 22 नवंबर 2025 से पहले बिहार चुनाव संपन्न हो जाएंगे। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा कि राजनीतिक दलों ने छठ पूजा के तुरंत बाद चुनाव कराने का सुझाव दिया है, उन्होंने कहा है कि तमाम राजनीतिक दलों ने एक से दो चरणों में चुनाव की मांग की। इस दौरान चुनाव आयोग ने एसआईआर की तारीफ की। उन्होंने कहा कि एसआईआर 24 जून को शुरू किया गया और समय सीमा तक पूरा हो गया, बिहार में एसआईआर पूरे देश के लिए एक प्रेरणा है।
सीईसी ज्ञानेश कुमार ने बताया कि बिहार में 243 विधानसभा क्षेत्र हैं। इसमें दो सीटें एसटी और 38 सीटें एससी वर्ग के लिए आरक्षित हैं। उन्होंने बताया कि चुनाव आयोग की टीम दो दिनों से बिहार में है। सबसे पहले चुनाव आयोग ने बिहार की सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के साथ बैठक की। इसके अलावा, बिहार के सभी जिलाधिकारी, एसपी-एसएसपी, आईजी और डीआईजी, कमिश्नर और सभी प्रवर्तन एजेंसियों के प्रमुखों, नोडल अफसरों, मुख्य निर्वाचन अधिकारी बिहार, स्टेट पुलिस नोडल अधिकारियों और सीएपीएफ के नोडल अधिकारियों के साथ बैठक की। बिहार के मुख्य सचिव, डीजीपी और अन्य सचिवों के साथ भी बैठक की गई। सीईसी ज्ञानेश कुमार ने कहा कि बिहार से शुरू होने वाली कुछ पहलों में सबसे पहले ट्रेनिंग शामिल है। बूथ लेवल एजेंट की पहली बार चुनाव आयोग ने ट्रेनिंग कराई। बिहार के सभी बूथ लेवल एजेंट की ट्रेनिंग दिल्ली में कराई गई। बूथ लेवल अफसरों की आईआईआईडीईएम में ट्रेनिंग कराई गई। देशभर के लगभग 700 बूथ लेवल अफसर और सुपरवाइजर की ट्रेनिंग पूरी की जा चुकी है। उन्होंने बताया कि बिहार विधानसभा चुनाव से ही देश में पोलिंग बूथ पर मतदाताओं के मोबाइल रखने की व्यवस्था शुरू होगी। इस व्यवस्था का ट्रायल उपचुनाव के समय किया गया। मतदाताओं को दी जाने वाली स्लिप में बदलाव किया गया है, जिसमें बूथ नंबर और पता बड़े अक्षरों में मिलेगा। इससे मतदाता बूथ तक सुगमता के साथ जा सकते हैं। दरअसल, बिहार विधानसभा का कार्यकाल 22 नवंबर को समाप्त हो रहा है, इससे पहले बिहार में चुनाव खत्म हो जाएगा। जैसा कि चुनाव आयोगने कहा है, फिलहाल, चुनाव के तारीखों का आधिकारिक ऐलान नहीं हुआ है, मगर अगले कुछ दिनों तारीखों की घोषणा हो जाएगी।
बिहार में 22 नवंबर से पहले संपन्न होंगे चुनाव: चुनाव आयोग
