घायल सीएचसी से लोहिया रेफर, पुलिस घटना को मान रही संदिग्ध
कम्पिल, समृद्धि न्यूज। पारिवारिक विवाद में दो पक्ष आमने सामने हो गए। विवाद बढऩे पर मारपीट हो गई। एक पक्ष ने गोली मारने का आरोप लगाया। जबकि दूसरे पक्ष ने उन्हें नाली में गिरकर चोट लगना बताया। घायल अधेड़ को इलाज के लिए सीएचसी भेज दिया। हालत गंभीर होने पर लोहिया रेफर किया गया। पुलिस घटना को संदिग्ध मान रही है।
क्षेत्र के गांव सिरसा निवासी सहवीर का परिवार के ही सुवेंद्र उर्फ खलीफा से विवाद चल रहा है। रविवार शाम बच्चों में विवाद हो गया। विवाद बढऩे पर दोनों पक्ष आमने सामने हो गए। जमकर लाठी डंडे चले। आरोप है कि सुवेंद्र ने तमंचे से सहवीर के पैर में गोली मार दी। जिससे वह घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। हमलावर मौके से फरार हो गए। परिजनों ने मामले की सूचना 112 पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को इलाज के लिए सीएचसी कायमगंज भेज दिया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें लोहिया रेफर किया गया। जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस घटना को संदिग्ध मान रही है। ग्रामीणों के अनुसार दोनों पक्ष में शराब पीने को लेकर विवाद हुआ है। मारपीट के दौरान सहवीर नाली में गिर गए। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। थाना प्रभारी कपिल चौधरी ने बताया कि किसी पक्ष से कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। प्रथम दृष्टया घटना संदिग्ध है। सीओ राजेश कुमार द्विवेदी ने बताया एक व्यक्ति के पैर में गोली लगी है। जिसका इलाज जारी है। पुलिस अन्य पहलुओं पर भी जांच कर रही है। कार्रवाई की जाएगी।
पारिवारिक विवाद में घर में घुसकर गोली मारने का अधेड़ ने लगाया आरोप
