शाहजहांपुर की बेटी अलका अवस्थी को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने किया सम्मानित

शाहजहांपुर, समृद्धि न्यूज। जनपद की धरती ने एक बार फिर प्रतिभा और सेवा की मिसाल पेश की है। सिंधौली विकास खंड के ग्राम पनवाड़ी की निवासी अलका अवस्थी को राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के तहत समाजसेवा में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा “माय भारत एनएसएस पुरस्कार” से सम्मानित किया गया।

अलका अवस्थी ने युवाओं के बीच स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, साक्षरता अभियान और महिला सशक्तिकरण जैसे कई सामाजिक अभियानों में सक्रिय भूमिका निभाई है। ग्रामीण क्षेत्रों में बेटियों की शिक्षा और आत्मनिर्भरता के लिए चलाए गए उनके प्रयासों ने समाज में नई सोच जगाई है।

दिल्ली में आयोजित सम्मान समारोह में राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित किए जाने के बाद अलका अवस्थी ने कहा—“यह पुरस्कार सिर्फ मेरा नहीं, बल्कि उन सभी युवाओं का है जो समाज को बेहतर बनाने का सपना देखते हैं। सेवा ही सच्ची साधना है।”

अलका की इस उपलब्धि से पूरे जिले में खुशी की लहर दौड़ गई। स्थानीय लोगों ने इसे जिले का गौरव बताया। सिंधौली क्षेत्र में उनके परिवार और गांव पनवाड़ी में बधाइयों का तांता लग गया। अलका अवस्थी ने साबित कर दिया कि समर्पण और सकारात्मक सोच के साथ एक व्यक्ति समाज में बड़ा बदलाव ला सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *