फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। संदिग्ध परिस्थितियों में किशोरी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोडक़र किशोरी के शव को फांसी के फंदे से नीचे उतारा। फॉरेंसिक टीम ने पहुंचकर साक्ष्य एकत्र किये।
जानकारी के अनुसार कोतवाली फतेहगढ़ के मोहल्ला नगलादीना अरोड़ा वाली गली निवासी स्व0 अशोक जाटव की १७ वर्षीय पुत्री लवली बुधवार दोपहर घर पर अकेली थी। स्कूल की छुट्टी के बाद जब उसकी भतीजी शिवी घर पहुंची, तो उसने खिडक़ी से देखा कि लवली कमरे के अंदर पंखे से दुपट्टे के सहारे फांसी के फंदेे पर लटकी हुई है। यह दृश्य देखकर भतीजी चीख पड़ी और पड़ोसियों को घटना की जानकारी दी। सूचना पर फतेहगढ़ कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोडक़र किशोरी को नीचे उतरवाया। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को जांच के लिए बुलाया। टीम ने मौके पर साक्ष्य एकत्रित किए। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतका तीन भाई और तीन बहनों में सबसे छोटी थी। परिजन उसकी मौत से पूरी तरह सदमे में हैं। कोतवाली प्रभारी रणविजय ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। आत्महत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। घटना की जांच की जा रही है।
संदिग्ध परिस्थितियों में किशोरी फांसी पर झूली, मौत
