पुलिस ने समझा बुझाकर किया शांत, तहरीर देकर कार्यवाही की मांग
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। निजी अस्पताल में भर्ती महिला की आपरेशन के बाद हालत बिगड़ गयी। जिस पर चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गयी। परिजनों का कहना है कि कानपुर के डॉक्टरों ने बताया कि पहले अस्पताल में की गई सर्जरी में लापरवाही के चलते मरीज की बड़ी आंत खुली रह गई थी। जिसके चलते उसकी मौत हो गयी। जिस पर परिजनों ने जमकर हंगामा किया। बाद में परिजनों ने थाना पुलिस को तहरीर देकर कार्यवाही करने की मांग की।
जानकारी के अनुसार कोतवाली फतेहगढ़ के मोहल्ला हाथीखाना निवासी स्वामी दयाल ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनकी पत्नी की तबियत 1 अक्टूबर को अचानक खराब हो गई थी। उन्हें फतेहगढ़ के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों ने पेट में फोड़ा बताकर ऑपरेशन की सलाह दी। डॉक्टर ने ऑपरेशन किया। परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन के बाद महिला की हालत लगातार बिगड़ती चली गई। जब उन्होंने डॉक्टरों से इलाज में लापरवाही बरतने की बात कही, तो अस्पताल प्रबंधन ने मरीज को जबरन हायर सेंटर रेफर कर दिया। परिजनों के अनुरोध के बावजूद स्थानीय स्तर पर इलाज जारी नहीं रखा गया। परिवारीजन महिला को कानपुर के एक अस्पताल ले गए। जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। जिस पर परिजनों ने वापस आकर अस्पताल में जमकर हंगामा किया। इतना ही नहीं परिजनों ने अस्पताल के बाहर सडक़ पर शव रखकर विरोध प्रदर्शन करने की कोशिश की। सूचना मिलते ही फतेहगढ़ प्रभारी निरीक्षक रणविजय मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों को निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन दिया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस बीच महिला परिजनों और पुलिस के बीच काफी नोंकझोंक भी हुई। परिजनों ने बताया कि कानपुर के चिकित्सकों का कहना था कि सर्जरी में लापरवाही के चलते मरीज की बड़ी आंत खुली रह गई थी। जिसके चलते उसकी मौत हो गयी। पीडि़त पति ने फतेहगढ़ कोतवाली में तहरीर देकर अस्पताल प्रशासन और संबंधित डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने निष्पक्ष पोस्टमार्टम कराने और न्याय दिलाने की भी अपील की है।
उपचार के दौरान महिला की मौत, परिजनों ने शव रखकर किया हंगामा
