कांशीराम कॉलोनी में बने घर में 4 फीट लम्बी नागिन देख मचा हड़कंप

सर्पमित्र डॉ. आशीष ने खतरनाक नागिन का किया सुरक्षित रेस्क्यू

इटावा। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के अंतर्गत स्थित कांशीराम कॉलोनी के ब्लॉक नंबर 5 के एक फ्लैट में दीवार के किनारे रखे तख्त के नीचे एक लगभग 4 फीट लम्बी खतरनाक नागिन कहीं से आकर बैठ गई थी, तभी घर में दीपावली की सफाई कर रही जाह्नवी ने उसे दीवार किनारे बैठे देख लिया और तुरन्त डर के मारे तेजी से कमरे के बाहर भागी और आस पास के लोगों को सूचित किया। घर में मौजूद उसकी 5 साल की बेटी सोना भी ब्लैक कोबरा सांप देखकर बेहद ही डर गई। फिर जाह्नवी ने वन्यजीव विशेषज्ञ सर्पमित्र डॉ. आशीष त्रिपाठी से उनकी हेल्पलाइन पर कोबरा रेस्क्यू के लिए मदद मांगी, जिसके बाद डॉ. आशीष ने मौके पर पहुंचकर उस खतरनाक नागिन का सुरक्षित रेस्क्यू कर सामाजिक वानिकी विभाग इटावा के दिशा निर्देशन में सुरक्षित प्राकृतवास में ले जाकर छोड़ दिया। नगर पालिका परिषद इटावा के स्वच्छता,वन्यजीव पर्यावरण एवम आपदा प्रबंधन के ब्रांड एंबेसडर डॉ आशीष ने मौके पर मौजूद कॉलोनी निवासियों को जानकारी देते हुए बताया कि,यह एक 4 फीट लम्बी खतरनाक स्पेक्टिकल कोबरा है जिसका जन्तु वैज्ञानिक नाम नाजा नाज़ा है।

जानिए कितना खतरनाक है कोबरा ?

डॉ. आशीष ने बताया कोबरा सांप में बेहद ही खतरनाक न्यूरोटॉक्सिक वेनम मौजूद होता है जिसके काट लेने के बाद तेज दर्द और सूजन आती है यदि एक घंटे में कोबरा दंश के रोगी को एंटीवेनम नही दिया जाए तो रोगी की दर्दनाक मृत्यु भी हो जाती है।

सांप के काटने के बाद सुरक्षित इलाज कहां मिलेगा ?

सर्पदंश का सुरक्षित इलाज जिला अस्पताल इटावा के इमरजेंसी वार्ड में कमरा नंबर 3 में और उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान संस्थान सैफई की इमरजेंसी बिल्डिंग में भी उपलब्ध है।

कभी सर्पदंश हो तो क्या करें ?

सर्पदंश होने पर सामाजिक संस्था ओशन द्वारा संचालित जनपद इटावा की नि:शुल्क स्नेक बाइट हेल्पलाइन 7017204213 पर सांप द्वारा काटे गए निशान की एक साफ फोटो व्हाट्सएप पर भेजकर तत्काल संपर्क कर सकते है।

अनचाहे सर्पदंश से कैसे बचे?

जनपद सर्पदंश विशेषज्ञ डॉ. आशीष त्रिपाठी ने सभी जनपद इटावा वासियों से विनम्र अपील की है कि, इस समय स्नेक बाइट का समय चल रहा है और स्नेक बाइट के मामले भी सामने आ रहे है अतः कृपया कभी भी कैसा भी सर्पदंश होने पर बिलकुल भी न घबराएं क्यों कि कोबरा करैत को छोड़कर लगभग सभी सर्प विषहीन ही है।
फिर भी कृपया रात में घर के दरवाजों के नीचे की जगह में कोई कपड़ा या बोरी लगाकर ही सोएं घर की खिड़कियां बंद रखे या उनपर महीन जालियां लगवा लें साथ ही सोते समय अपना बिस्तर तकिया चेक कर के सोएं कहीं भी अंधेरे में जाने से बचें घर के बाहर रखे जूते देखकर ही पहने, रात को बाहर या किसी छत पर सोते समय मच्छरदानी का प्रयोग करें तभी आप सर्पदंश से बच सकते है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *