भ्रष्ट कर्मचारियों की कारगुजारियों से हर माह निकल रहा केयरटेकर का मानदेय
नवाबगंज, समृद्धि न्यूज। सूबे की सरकार ने स्वच्छ भारत मिशन के तहत ग्राम पंचायतों में सार्वजनिक सामुदायिक शौचालयों का निर्माण करवाया था, ताकि ग्रामीण जनता को स्वच्छता बनाये रखने में मदद मिले, लेकिन रखरखाव के अभाव में अधिकांश शौचालय बंद हो गये हैं, लेकिन मजे की बात है कि केयरटेकर का मानदेय आराम से निकल रहा है। जिससे ग्रामीणों में रोष है।
नवाबगंज विकास खंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत ज्योनी में बना सार्वजनिक सामुदायिक शौचालय करीब एक वर्ष से नहीं खोला जा रहा है। जिससे शौचालय में गंदगी का अंबार देखा जा रहा है। रखरखाव के अभाव में यह शौचालय कंडम होता जा रहा है। जबकि यहां पर केयरटेकर की तैनाती है। जिसका ग्राम पंचायत निधि से मानदेय 9000 प्रतिमाह निकल रहा है, जबकि ग्राम निधि का पैसा ग्राम पंचायत के विकास के लिए आता है। जिससे ना तो ग्राम पंचायत का विकास हो रहा है और ना ही ग्राम पंचायत का सामुदायिक शौचालय खुल रहा है। ग्रामीण रोहित कुमार, प्रमोद कुमार, संजय कुमार ने बताया की एक वर्ष से केयरटेकर ना ही सामुदायिक शौचालय में सफाई कर रहा है और ना ही सामुदायिक शौचालय खोला जा रहा है। शौचालय न खुलने से ग्रामीणों को खेतों में खुले में शौच जाना पड़ रहा है। जब इस बाबत ग्राम प्रधान बबलू कुमार से जानकारी की गई, तो उन्होंने बताया की सामुदायिक शौचालय नहीं खुल रहा है। इसके लिए कई बार विकास खंड कार्यालय पर लिखकर दिया गया, लेकिन उस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई और ना ही विभाग द्वारा कोई कार्रवाई की गई है। जिससे कि सामुदायिक शौचालय खोला जा सके। जब इस बाबत विकास खंड अधिकारी अमरेश सिंह चौहान से जानकारी की गयी, तो उन्होंने बताया की हमें जानकारी नहीं है, यदि ऐसा हैं, तो हम जांच कराकर कार्यवाही करेंगे।
एक वर्ष से बंद पड़ा सामुदायिक शौचालय, बीडीओ बोले जानकारी नहीं
