फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। शातिर चोरों ने एक आतिशबाजी की दुकान में नकब लगाकर करीब 80 हजार का माल पार कर दिया। इतना ही नहीं चोर सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर भी चुरा ले गये। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की।
जानकारी के अनुसार कमालगंज के मोहल्ला शास्त्री नगर निवासी अशरफ की शवाना आतिशबाजी की दुकान जरारी रोड पर स्थित है। शनिवार रात को अशरफ दुकान बंद कर घर गए थे। चोरों ने रात के अंधेरे का फायदा उठाते हुए पहले दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे को डंडे से ऊपर की ओर मोड़ दिया, ताकि उनकी हरकतें रिकॉर्ड न हो सकें। इसके बाद उन्होंने दुकान की दीवार में सेंध लगाकर अंदर प्रवेश किया। दुकान के अंदर घुसने के बाद चोरों ने लगभग 80 हजार रुपए की कीमत की आतिशबाजी चुरा ली। चोरी के बाद चोर जाते समय सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर भी अपने साथ ले गए। जिससे चोरों की करतूत का सुराग न लग सके। रविवार सुबह करीब आठ बजे जब दुकानदार अशरफ दुकान खोलने पहुंचे, तो दीवार में नकब देखकर उनके होश उड़ गए। उन्होंने तुरंत शटर खोलकर अंदर देखा, तो आतिशबाजी और डीवीआर गायब था। अशरफ ने तत्काल मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर राजीव कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना किया। दुकानदार की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस घटना से क्षेत्र के अन्य व्यापारियों में दहशत का माहौल है। इंस्पेक्टर राजीव कुमार ने बताया कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
आतिशबाजी दुकान में चोरों ने सेंध लगाकर 80 हजार का माल किया पार
