फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। भाईदूज के अवसर पर गुरुवार सुबह से ही फतेहगढ़ जिला कारागार में सजा काट रहे भाइयों के तिलक करने के लिए बहनों की लंबी कतारें देखी गईं। जेल प्रशासन ने भी बहनों को कोई परेशानी न हो, इसके लिए कई व्यवस्थायें कीं।
बताते चलें कि भाई दूज हिंदू धर्म का एक पवित्र और लोकप्रिय पर्व है। इसे कई स्थानों पर यम द्वितीया के नाम से भी जाना जाता है। इस दिन बहनें अपने भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर उनकी लंबी उम्र, सुख-समृद्धि और अच्छे स्वास्थ्य की कामना करती हैं। इसी कड़ी में जिला जेल में भाईदूज के अवसर पर कैदियों और उनके परिजनों के बीच भावनात्मक मिलन हुआ। बहनों ने अपने बंदी भाइयों को तिलक लगाकर त्योहार मनाया। सुबह से ही जेल गेट पर अपने भाइयों से मिलने के लिए बहनों की भीड़ उमड़ पड़ी। सुरक्षा जांच के बाद उन्हें शांतिपूर्वक जेल में प्रवेश दिया गया। इस दौरान जेल परिसर में भावुक माहौल देखा गया। जेल अधीक्षक अरविंद श्रीवास्तव ने बताया कि जिला जेल में लगभग 550 बंदी हैं। जिनमें 12 महिला बंदी भी शामिल हैं। भाईदूज के अवसर पर केवल बहनों को भाइयों से मिलने की विशेष अनुमति दी गई थी। इसी तरह महिला बंदियों को भी उनके भाइयों से मिलने का अवसर प्रदान किया गया। जेल प्रशासन ने त्योहार के मद्देनजर सभी बंदियों के लिए रोलीए चावल और मिठाई की व्यवस्था की थी। जेल अधीक्षक श्रीवास्तव ने आश्वस्त किया कि किसी भी बहन को अपने भाई से मिलने से नहीं रोका जाएगा और सभी की मिलाई कराई जाएगी ताकि त्योहार की खुशियां जेल परिसर में भी महसूस की जा सकें। पूरे आयोजन के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे और माहौल शांतिपूर्ण बना रहा। जेल प्रशासन ने बुजुर्ग बहनों की सुविधा के लिए व्हीलचेयर का इंतजाम किया था। ताकि उन्हें आने जाने में कोई परेशानी न हो।
भाईदूज पर भाइयों के तिलक करने जिला जेल पहुंचीं बहनें, घंटों लाइन में लगीं
