समृद्धि न्यूज। एक कहावत है कि देने वाला जब भी देता देता है तो छप्पर फाडक़र देता है। पन्ना के एक किसान के साथ कुछ ऐसा ही हुआ, जिसकी वजह से लोग कह रहे हैं कि वह पलभर में रंक से राजा बन गया। मध्यप्रदेश के पन्ना जिले की रत्नगर्भा धरती से एक बार फिर हीरे निकले है। सिरस्वाहा निवासी ब्रजेन्द्र कुमार शर्मा ने भरकन हार क्षेत्र में छह महीने पहले हीरा उत्खनन का पट्टा लिया था। लगातार मेहनत के बाद इनकी किस्मत ने ऐसा पलटा खाया कि खेत से एक साथ पांच हीरे निकल आए। हीरों का वजन 0.74, 0.77, 1.08, 0.91 और 2.29 कैरेट है। किसान ने इन हीरों को हीरा कार्यालय में जमा करवा दिया है और अब इनकी नीलामी की जाएगी। 6 महीने की मेहनत के बाद उनको एक साथ 5 छोटे-बड़े हीरे प्राप्त हुए। इन पांच हीरो में 3 हीरे उज्वल किस्म के हैं और दो मटमैले रंग के हैं। इसमें सबसे अच्छी क्वालिटी में जेम्स क्वालिटी का हीरा है। एक 2.29 कैरेट का बड़ा हीरा जमा हुआ है। अभी इन हीरों की कीमत 20 लाख से ऊपर बताई जा रही है। इनको आगामी हीरा नीलामी में रखा जाएगा। इस साल पन्ना की धरती पर अब तक 10 कैरेट से ज्यादा के कई हीरे मिले हैं, जिससे कारोबार में तेजी की संभावना बढ़ गई है।
रातों-रात किसान रंक से बना राजा, खेत से निकले 5 बेशकीमती हीरे, कीमत लाखों में
