समृद्धि न्यूज। बिहार में विधानसभा चुनावी गहमागहमी के बीच सहरसा में आरजेडी के नगर अध्यक्ष सुरेंद्र यादव के 17 वर्षीय पुत्र प्रीतम कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में शव पड़ा मिला। परिजों ने बताया कि शनिवार रात खाना खाने के बाद पूरा परिवार सो गया। प्रीतम भी अपने कमरे में सोने चला गया था, रविवार सुबह करीब 5 बजे मां नूतन देवी जब पानी लेने हैंडपंप के पास पहुंचीं तो उनका बेटा जमीन पर पड़ा था, मुंह से झाग निकल रहा था और शरीर ठंडा हो चुका था। प्रीतम कुमार इंटरमीडिएट का छात्र था और पढ़ाई के साथ-साथ पिता के राजनीतिक कार्यक्रमों में सक्रिय रहता था, गांव के लोग उसे शांत स्वभाव का मेहनती लडक़ा बताते हैं। उसकी अचानक मौत से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। सिमरी बख्तियारपुर एसडीपीओ मुकेश कुमार ठाकुर ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। शव घर के अंदरूनी हिस्से में मिला है, प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण पता चल सकेगा। अधिकारी ने बताया कि अभी तक परिजनों द्वारा किसी प्रकार का लिखित तहरीर नहीं दिया गया है। सुरेंद्र यादव, जो वर्तमान में राजद नगर अध्यक्ष हैं, करीब एक माह पहले गांव में हुई एक मारपीट की घटना में नामजद आरोपी बनाए गए थे। पुलिस अब इस मामले को हर कोण से जांच रही है, ताकि मौत के पीछे की सच्चाई सामने आ सके।
