पटना/फर्रुख़ाबाद, समृद्धि न्यूज। दीघा विधानसभा चुनाव में विधायक डॉ. संजीव चौरसिया ने लगातार तीसरी बार ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए संपूर्ण बिहार में सबसे अधिक मतों से विजय हासिल की है। दीघा की जनता ने भारी जनसमर्थन देते हुए 1,11,001 वोट प्रदान किए और प्रतिद्वंदी उम्मीदवार को 59,079 मतों के विशाल अंतर से पराजित किया। यह प्रचण्ड विजय जनविश्वास, डॉ. चौरसिया के उत्कृष्ट जनसेवा कार्यों और विकास के प्रति उनकी निरंतर प्रतिबद्धता का प्रतीक है।
भाजपा नेता विकास राजपूत, जो चुनाव प्रचार के अंतिम चरणों में दीघा विधानसभा पहुंचे थे, उन्होंने अपने राजनीतिक अनुभव और रणनीति से 10 दिन पहले ही NDA प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित होने का दावा किया था, जो आज परिणामों के साथ सच साबित हुआ।
बिहार विधानसभा चुनाव में NDA को पूर्ण बहुमत मिलते ही हमारे संवाददाता से बातचीत में भाजपा नेता विकास राजपूत ने कहा—
“यह NDA के विकास की जीत है, सुशासन की जीत है, और बिहार के उज्ज्वल भविष्य की जीत है।” उन्होंने कहा कि यह जनादेश बिहार की जनता का विश्वास है, जो विकास की राजनीति को मजबूती से आगे बढ़ाने का संदेश देता है। उन्होंने डॉ. संजीव चौरसिया को पुनः प्रचण्ड विजय की हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए आशा व्यक्त की कि वे आने वाले समय में इसी तरह प्रदेश और क्षेत्र के विकास हेतु सफलतापूर्वक अपना नेतृत्व प्रदान करते रहेंगे।
