समृद्धि न्यूज़। सऊदी अरब में हुए बड़े हादसे में 42 भारतीयों की मौत हो गई है. यह सभी भारतीय उमरा अदा करने के लिए सऊदी गए थे. सोमवार की सुबह बस में सवार होकर यात्री मक्का से मदीना जा रहे थे. तभी बस की डीजल टैंकर से टक्कर हो गई और बस में आग लग गई. शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार यह हादसा IST समयानुसार लगभग 1:30 बजे मुफरिहात के पास हुआ.
मृतकों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं. वो सभी हैदराबाद और तेलंगाना के रहने वाले थे. शुरुआती जानकारी के अनुसार, हादसे के समय बस में लगभग 20 महिलाएं और 11 बच्चे सवार थे.यह तीर्थयात्री उमराह अदा करने गए थे. मक्का में अपने अरकान (धार्मिक अनुष्ठान) पूरे करने के बाद, मदीना जा रहे थे. इसी दौरान यह हादसा हुआ. बताया गया है कि दुर्घटना के समय कई यात्री बस में सो रहे थे. स्थानीय सूत्रों ने 42 मौतों की पुष्टि की है. आपातकालीन सेवाएं बचाव कार्य कर रही हैं. वहीं हैदराबाद के सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने दुख व्यक्त किया है. उन्होंने कहा, मक्का से मदीना जा रहे 42 तीर्थयात्रियों की बस में आग लग गई. मैंने रियाद स्थित भारतीय दूतावास के उपमुख्य मिशनरी (DCM) अबू माथेन जॉर्ज से बात की, जिन्होंने आश्वासन दिया कि वो इस मामले की जानकारी जुटा रहे हैं. वहीं मुख्यमंत्री ने सरकार के शीर्ष अधिकारियों को विदेश मंत्रालय से संपर्क करने और सऊदी अरब दूतावास से जानकारी लेने का सुझाव दिया है। मुख्य सचिव के निर्देश पर अधिकारी इस बात का पता लगा रहे हैं कि सऊदी अरब में हादसे का शिकार हुए कितने लोग तेलंगाना के थे और सचिवालय में एक कंट्रोल रूम बनाने के निर्देश दिए गए हैं ताकि पीड़ित परिजनों को जानकारी दी जा सके।
