रामगंगा पुल पर बड़ा हादसा: गड्ढे में फँसकर भारी वाहन 25 फीट गहरी नदी में गिरा

अल्हागंज। राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच-730C पर रामगंगा नदी के पुल पर बीती रात बड़ा हादसा हो गया। पुल पर बने गड्ढे की वजह से एक भारी वाहन अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग तोड़ता हुआ लगभग 25 फीट गहरी नदी में समा गया।

हादसा मंगलवार रात करीब 10:30 बजे का बताया जा रहा है।

सूचना मिलते ही अल्हागंज पुलिस मौके पर पहुँची और पास के गाँव से नाव चालक को बुलाया गया। सीमित रोशनी व साधनों के अभाव बावजूद नाविक ने नदी में रस्सी व बाँस की मदद से वाहन का पता लगाने की कोशिश की।

नाव चालक ने बताया कि लगभग 10 फीट की गहराई पर कोई बड़ा वाहन नदी में डूबा हुआ प्रतीत हो रहा है। देर रात अंधेरा अधिक होने और मौके पर आवश्यक संसाधन उपलब्ध न होने के कारण बचाव कार्य शुरू नहीं किया जा सका।

पुल पर गड्ढे की अनदेखी बनी हादसे की वजह!

कुछ दिनों पूर्व रामगंगा पुल पर बने खतरनाक गड्ढे को लेकर अल्हागंज शाहजहांपुर खबर ने अपने पेज के माध्यम से लोगों को सचेत किया था। बावजूद इसके हाइवे ऑथरिटी की लापरवाही बरकरार रही। स्थानीय लोगों का कहना है कि बार-बार की गई मरम्मत अधूरी और औपचारिक रही, जिससे पुल पर बने जानलेवा गड्ढे फिर उजागर हो गए। यही लापरवाही मंगलवार रात हुए बड़े हादसे की प्रमुख वजह मानी जा रही है।

नदी में समाए वाहन के बारे में नही लगा सुराग

हादसे के बाद देर रात तक नदी में गिरे वाहन की पहचान, उसका नंबर अथवा उसमें कितने लोग सवार थे, इससे जुड़ी कोई जानकारी सामने नहीं आ सकी। पुलिस व प्रशासनिक टीम के अनुसार सुबह रोशनी होने पर और संसाधन जुटने के बाद ही स्पष्ट स्थिति सामने आएगी।

पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुचे

घटना की जानकारी पर क्षेत्राधिकारी जलालाबाद और नायब तहसीलदार रोहित कटियार घटनास्थल पर पहुँचे। दोनों अधिकारियों ने राहत व बचाव कार्य के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और स्थिति का विस्तृत निरीक्षण किया। अधिकारियों ने गोताखोरों व फ्लड पीएसी के पहुचने की बात कही।

पुलिस ने गड्ढे पर लगाए गए लोहे के बेरिकेड्स को फिर व्यवस्था में लगाया

पुलिस ने पूर्व में ही गड्ढे की गंभीरता को देखते हुए लोहे के बेरिकेड्स लगवाए थे, लेकिन वाहन चालकों की लापरवाही के कारण वे टूटकर जर्जर हो गए थे। हादसे के बाद मंगलवार रात पुलिस ने इन टूटे बेरिकेड्स को उठवाकर दोबारा जानलेवा गड्ढे के ऊपर लगाया, ताकि अन्य वाहन किसी दुर्घटना का शिकार न हों। रात में हालात को देखते हुए पुल पर ट्रैफिक को वन-वे कराकर वाहन चालकों को रवाना किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *