युवक की उपचार के दौरान मौत, कम्पाउंडर पर गलत इंजेक्शन लगाने का आरोप

कायमगंज, समृद्धि न्यूज। प्राइवेट चिकित्सक के कम्पाउंडर द्वारा इंजेक्शन लगाने के कुछ समय बाद युवक की मौत हो गयी। परिजन युवक को लेकर सीएचसी पहुंचे। जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं परिजनों ने प्राइवेट चिकित्सक के कम्पाउंडर पर गलत इंजेक्शन लगा देने से मौत होने का आरोप लगाया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जानकारी के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के गाँव न्यामतपुर ढिलावली निवासी राजकुमार जाटव उम्र 30 वर्षीय पुत्र सूबेदार जाटव को बीती रात्रि में बुखार व पूरे शरीर में दर्द होने पर उसकी पत्नी गुड्डी देवी ने गॉव के मेडीकल से दवा लाकर खिला दी। जिस पर उसे कोई फायदा नहीं हुआ। सुबह होने पर उसे परिजन उपचार के लिए रेलवे रोड ब्लाक के निकट डा0 अजय के यहाँ लेकर पहुंचे। जहाँ उनके कम्पाउन्डर ने पहले तो राजकुमार के एक इन्जेक्शन लगाया। उसके बाद उसने जैसे ही उसके बोतल चढ़ाई, तो कुछ देर बाद राजकुमार की मौत हो गई। कम्पाउन्डर ने परिजनों से कहा कि तुम इन्हें सरकारी अस्पताल लेकर जाओ। परिजन राजकुमार को नगर के सरकारी अस्पताल में लेकर आए। जहाँ ड्युटी पर तैनात चिकित्सक डा0 जितेन्द्र बहादुर ने राजकुमार को मृत घोषित कर दिया। मृतक की पत्नी गुड्डी देवी ने अजय के कम्पाउन्डर पर गलत इन्जेक्शन तथा बोतल चढ़ाने का आरोप लगाते हुए पति की मौत का जिम्मेदार बताया। सूचना पाते ही कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मदन मोहन मिश्रा, क्राइम इंस्पेक्टर कामिल खॉ, एसएससाई सुरजीत यादव, उपनिरीक्षक अय्युब खाँ, उपनिरीक्षक शमशुद्दीन, हमराह कांस्टेबिल पुष्पेन्द्र, नवनीत, विनीत कुमार, विजय गुर्जर, सचिन कुमार सहित पुलिस बल के साथ सरकारी अस्पताल पहुँचकर जाँच पड़ताल कर हल्का इन्चार्ज शमशुद्दीन ने शव का पंचनामा भरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मौत की सूचना पाते ही मृतक के बच्चे देवकुमार, नीलेश, पियूष सहित आदि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *