पुलिया के नीचे बाइक सवार युवक का पड़ा मिला शव

 पुलिस ने जांच पड़ताल में एक्सीडेंट से मौत होना बताया
अमृतपुर, समृद्धि न्यूज। थाना क्षेत्र अंतर्गत चपरा वाली पुलिया के नीचे रविवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक का शव बरामद हुआ। ग्रामीणों की सूचना पर अमृतपुर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार रविवार सुबह अमृतपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत चपरा वाली पुलिया के नीचे एक युवक का शव पड़ा देखा गया। घटना की सूचना अमृतपुर थाना पुलिस को दी गयी। मौके पर थाना अध्यक्ष मोनू शाक्य ने पहुंचकर जांच पड़ताल की, तो पता चला कि यह युवक जिला शाहजहांपुर के थाना मिर्जापुर के गांव कांकर कठा निवासी प्रमोद पुत्र हरिराम उम्र लगभग 45 वर्ष है। सूचना मिलते ही परिवारी व रिश्तेदार मौके पर पहुंचे। मृतक के भाई छोटेलाल ने बताया है कि उनके भाई प्रमोद कल घर से थाना अमृतपुर क्षेत्र स्थित ग्राम भावन में बुआ के घर जाने की कहकर निकले थे। जो कि वहां से रात्रि में ही घर जाने के लिए निकल पड़े, लेकिन घर नहीं पहुंचे और सुबह पता चला कि पुलिया के नीचे बाइक समेत भाई मृत अवस्था में पड़े हैं। प्रथम दृष्टया प्रतीत होता है कि किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। जिससे वह पुलिया के नीचे बाइक सहित गिर गये और उनकी मौत हो गयी। परिजनों ने किसी के ऊपर आरोप प्रत्यारोप नहीं लगाया। हालांकि पुलिस ने सूचना दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक प्रमोद के दो बेटा व तीन बेटी हैं, जिसमें एक पुत्री की शादी हो गई। साथ ही मौत की सूचना पाते ही पुत्री सावित्री, पुत्र अंकित, दुर्वेश तथा पत्नी सुज्जा देवी समेत अन्य पारिवारीजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उप निरीक्षक रवि सोलंकी ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *