कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए एएसपी ने थाने का किया निरीक्षण

 बोले, जनता की शिकायतों के निस्तारण को दी जाये सर्वोच्च प्राथमिकता
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। अपर पुलिस अधीक्षक अरुण सिंह ने नवाबगंज थाने का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने अपराध नियंत्रण और प्रशासनिक पारदर्शिता पर जोर दिया तथा लम्बित मामलों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिये।
जानकारी के अनुसार रविवार को अपर पुलिस अधीक्षक अरुण सिंह ने नवाबगंज थाने का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने, कानून व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त बनाने और प्रशासनिक कार्यप्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के निर्देश थानाध्यक्ष को दिये। अपर पुलिस अधीक्षक ने सबसे पहले अपराध रजिस्टर की बारीकी से जाँच की। उन्होंने लंबित मामलों की संख्या और उनकी वर्तमान प्रगति पर विशेष ध्यान केंद्रित किया। इस दौरान उन्होंने थाना प्रभारी को स्पष्ट निर्देश दिए कि अपराधों के त्वरित निस्तारण के लिए प्रभावी और ठोस कदम उठाए जाएँ, ताकि न्याय प्रक्रिया में तेज़ी लाई जा सके। निरीक्षण के दौरान पुलिसिंग के डिजिटल आधार सीसीटीएनएस की स्थिति का भी जायजा लिया। अपर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सभी अपराध और प्रशासनिक डेटा डिजिटल रूप से सही और समय पर अपडेट किए जा रहे हैं। जो रिकॉर्ड की सटीकता और भविष्य की कार्रवाई के लिए महत्वपूर्ण है। जनशिकायतों के त्वरित निवारण को प्राथमिकता देते हुए आईजीआरएस पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के निस्तारण की स्थिति की भी समीक्षा की गई। एएसपी ने निर्देश दिया कि जनता की शिकायतों को सर्वोच्च प्राथमिकता पर और समयबद्ध तरीके से हल किया जाए। इसके बाद एएसपी ने थाना परिसर और पुलिसकर्मियों के भोजनालय का भी गहन मुआयना किया। उन्होंने पुलिस बल के मनोबल और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुएए स्वच्छ वातावरण और गुणवत्तापूर्ण भोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *