टॉवर कर्मचारियों की डीजल चोरी, उपभोक्ताओं पर पड़ रही भारी

नवाबगंज, समृद्धि न्यूज। टॉवरों पर हो रहे डीजल चोरी की घटनाओं से उपभोक्ताओं को नेटवर्क की समस्या से जूझना पड़ रहा है। परेशान उपभोक्ता जियो की सिम को अन्य कंपनियों में पोर्ट करवा रहे है।
नवाबगंज नगर में मंगलवार को भी रिलायंस जियो का नेटवर्क लोगों के लिए बड़ी मुसीबत बन गया। आए दिन की तरह नेटवर्क फेल होने से नगर के सभी कार्यालय, स्कूल, कॉलेज और दैनिक कामकाज बुरी तरह प्रभावित हुए। लोग फोन से अपने काम पूरे करने में खासी असुविधा का सामना कर रहे हैं।

तेल चोरी बनी नेटवर्क ठप होने की वजह

सूत्रों से मिली जानकारी और जियो नेटवर्क मैनेजर अनुज गुप्ता के बयान के अनुसार नेटवर्क ठप होने का मुख्य कारण जियो टॉवर पर काम करने वाले कर्मचारियों द्वारा की जा रही डीजल चोरी है। अनुज गुप्ता ने स्वयं बताया कि टॉवर पर कार्य करने वाले लडक़े तेल चोरी करते हैं। जिस कारण नेटवर्क की समस्या उत्पन्न हो रही है। जेनरेटर को पर्याप्त तेल न मिल पाने के कारण वह ठीक से चल नहीं पाते और टॉवर का नेटवर्क घंटों बंद रहता है।

ग्राहक हो रहे परेशान, दूसरी कंपनियों में पोर्टिंग शुरू

नेटवर्क की इस लगातार समस्या का सीधा असर मोबाइल से दैनिक कार्य करने वाले हजारों लोगों पर पड़ रहा है। लगातार की इस परेशानी से त्रस्त होकर अब ग्राहकों ने दूसरा रास्ता अपना लिया है। परेशान लोगों ने अब अपनी सिम जियो से निकालकर एयरटेल और वीआई जैसे अन्य नेटवर्क में पोर्ट कराना शुरू कर दिया है। कई लोगों ने तो पहले ही अपनी सिम पोर्ट करा ली है। यह गंभीर मामला न सिर्फ जियो नेटवर्क की खराब सेवा को उजागर करता है, बल्कि कर्मचारियों द्वारा की जा रही चोरी और कंपनी की अंदरूनी अव्यवस्था पर भी सवाल खड़े करता है। ग्राहकों की बढ़ती पोर्टिंग जियो के लिए नवाबगंज क्षेत्र में एक बड़ी चुनौती साबित हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *