गोरखपुर एक्सप्रेस के पूरनपुर तक सेवा विस्तार का शुभारंभ, हरी झंडी दिखाते ही ट्रेन के आगे आई महिला – बाल-बाल बची

पीलीभीत। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने आज नई दिल्ली से वर्चुअली गोरखपुर-आनंद विहार टर्मिनल एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 15005) को पूरनपुर से इज्जतनगर तक सेवा विस्तार की हरी झंडी दिखाई। इस मौके पर पूरनपुर रेलवे स्टेशन पर भव्य समारोह आयोजित किया गया।कार्यक्रम में पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर, डीआरएम वीणा सिन्हा, स्थानीय विधायक बाबूराम पासवान, एमएलसी सुधीर गुप्ता, भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव प्रताप सिंह ‘चंद्रभान’, ब्लॉक प्रमुख सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। यात्रियों और स्थानीय लोगों में जबरदस्त उत्साह देखा गया।हरी झंडी मिलते ही जैसे ही ट्रेन धीरे-धीरे आगे बढ़ी, तभी अचानक एक महिला ट्रेन के सामने आ गई। चालक की सतर्कता और तुरंत इमरजेंसी ब्रेक लगाने से बड़ा हादसा टल गया। मौके पर मौजूद आरपीएफ जवानों ने फुर्ती दिखाते हुए महिला को पटरी से खींचकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। महिला को काउंसलिंग के बाद सकुशल परिजनों को सौंप दिया गया। इसके बाद ट्रेन को फिर से रवाना किया गया।रेलवे अधिकारियों ने बताया कि इस सेवा विस्तार से पीलीभीत जिले के पूरनपुर, मझोला, खटिमा और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को दिल्ली जाने के लिए सीधी और सुगम कनेक्टिविटी मिलेगी। यात्रियों ने रेल मंत्री और स्थानीय सांसद जितिन प्रसाद का आभार जताया।रेलवे ने सभी यात्रियों से अपील की है कि ट्रेन आने-जाने के दौरान पटरी पार करते समय सावधानी बरतें और ओवरब्रिज या निर्धारित जगह का ही उपयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *