समृद्धि न्यूज। यूपीएससी शिक्षक और मोटिवेशनल स्पीकर अवध ओझा ने राजनीति से संन्यास की घोषणा कर दी है। ओझा इस साल दिल्ली की पटपडग़ंज विधानसभा सीट से आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार थे, लेकिन बीजेपी के रविंदर सिंह नेगी से 28 हजार से ज्यादा वोटों से हार गए थे। ओझा ने एक्स पर लिखा कि राजनीति से दूर होना उनका व्यक्तिगत निर्णय है। सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी कराने वाले शिक्षक और मोटिवेशनल स्पीकर के रूप में मशहूर अवध ओझा ने राजनीति से संन्यास लेने का ऐलान कर दिया है। करीब 10 महीने बाद अवध ओझा ने अपनी राजनीतिक पारी को विराम देने का ऐलान कर दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस बारे में जानकारी दी है।
अवध ओझा ने लिखा-आदरणीय अरविंद, मनीष, संजय, सभी पदाधिकारीगण, कार्यकर्ता, नेता आदि आप सभी का हृदय से धन्यवाद। आपने मुझे जो प्रेम और सम्मान दिया है उसका मैं ऋणी रहूंगा। राजनीति से संन्यास लेना मेरा निजी निर्णय है। अरविंद, आप एक बहुत बड़े नेता हैं। जय हिंद।

