गौरक्षा महासंघ ने पहुंचकर किया अंतिम संस्कार
कमालगंज, समृद्धि न्यूज। कमालगंज थाना क्षेत्र के शेखपुर गुमटी संख्या 138-सी के पास सोमवार देर रात एक पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आने से तीन गोवंशों की मौत हो गई। यह ट्रेन फर्रुखाबाद से कानपुर की ओर जा रही थी।
घटना उस समय हुई जब ट्रेन ट्रैक से गुजर रही थी और गोवंशों का एक झुंड अचानक पटरी पार करने लगा। लोको पायलट ने इमरजेंसी ब्रेक लगाए, लेकिन तब तक तीन गोवंश ट्रेन की चपेट में आ गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। गेटमैन ने तुरंत घटना की सूचना स्टेशन मास्टर को दी। सूचना मिलने पर ट्रैकमैन मौके पर पहुंचे और पटरी से गोवंशों के शवों को हटाया। इसके बाद ट्रेन आगे के लिए रवाना हो सकी। इस घटना के कारण कुछ समय के लिए रेल यातायात बाधित रहा। मंगलवार सुबह घटना की जानकारी मिलने पर अखिल भारतीय गौरक्षा महासंघ के पदाधिकारी सक्रिय हुए। प्रदेश महामंत्री अब्दुल जब्बार, जिलाध्यक्ष हरिगिरि, ब्लाक अध्यक्ष शिवशंकर और शिवम तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। महासंघ के पदाधिकारियों ने स्थानीय प्रशासन को घटना की सूचना दी। बीडीओ ने ग्राम प्रधान रामसेवक को तत्काल जेसीबी मशीन मंगाकर गड्ढा खोदने और शवों को दफनाने के निर्देश दिए। पशुचिकित्सालय के कर्मचारियों ने भी मौके पर पहुंचकर आवश्यक जांच की। गौरक्षा दल के सदस्यों ने ग्राम प्रधान के सहयोग से जेसीबी मशीन की मदद से गड्ढा खुदवाकर तीनों गोवंशों के शवों का अंतिम संस्कार किया।
कमालगंज में ट्रेन की चपेट में आने से तीन गोवंश की मौत
