कायमगंज, समृद्धि न्यूज। मार्ग दुर्घटना में घायल भारतीय किसान यूनियन अखंड के जिला महासचिव गिरीशचंद्र शाक्य की हैलट अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। किसान नेता की मौत की खबर से उनके परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार क्षेत्र के सत्तार नगर गांव निवासी गिरीशचंद्र शाक्य 28 नवंबर को अपने साथी राजेंद्र सिंह के साथ धरना स्थल से मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार कार ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी थी। जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए थे। हादसे के बाद धरना स्थल पर मौजूद किसान पदाधिकारी धर्मवीर, धन सिंह और राजवीर सिंह ने कार का पीछा किया। हालांकि रेलवे फाटक बंद होने के कारण आरोपी वाहन चालक मौके से फरार हो गए। वे कार को रेलवे फाटक के पास एक मंदिर के पीछे छोडक़र भागे थे। जिसे बाद में पुलिस ने कब्जे में ले लिया था। घायलों को पहले सीएचसी ले जाया गया। जहां से गंभीर हालत के कारण उन्हें लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया। गिरीशचंद्र शाक्य की हालत ज्यादा गंभीर होने पर उन्हें कानपुर के हैलट अस्पताल रेफर किया गया था। जहां गुरुवार देर रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। जबकि राजेंद्र सिंह का इलाज फर्रुखाबाद के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने किसान नेता के पुत्र सचिन की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया था। गिरीशचंद्र शाक्य का शव घर पहुंचते ही परिवार में मातम छा गया। उनकी पत्नी सुनीता, पुत्र सचिन और चार पुत्रियों का रो-रोकर बुरा हाल था।
मार्ग दुर्घटना में घायल किसान नेता की उपचार के दौरान मौत
