नवाबगंज, समृद्धि न्यूज। घर से फोन पर बात करते हुए निकले वृद्ध की ट्रेन से कटने से संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गयी। घटना की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं परिजन हत्या करने की आशंका जता रहे हैं।
जानकारी के अनुसार थाना नवाबगंज के गांव ऊंची गधेड़ी निवासी 65 वर्षीय सत्यपाल पुत्र शिवसिंह शनिवार शाम बजे को घर पर रखी परचून की दुकान का सामान खरीदने बाजार गए थे। सामान लेकर घर पहुंचने के बाद लगभग साढ़े सात बजे सत्यपाल फोन पर किसी से बात करने के बाद घर से निकल गये। उसी दौरान गांव के ही निवासी लाइनमैन लालू को किसी ने फोन पर सूचना दी कि जसमापुर के पास ट्रेन से उनके गांव का एक व्यक्ति कट गया है। जिस पर लाइनमैन घटनास्थल के पास पहुंचा, तो सत्यपाल का मृत शरीर पड़ा मिला। लाइनमैन ने घटना की जानकारी सत्यपाल के परिजनों को दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। परिजनों ने घटना की सूचना मोहम्मदाबाद कोतवाली में दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर एस0आई0 विनोद कुमार ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के भाई समरपाल ने भाई की हत्या किए जाने की आशंका जताई। पुलिस जांच पड़ताल में जुट गयी है।
वृद्ध की संदिग्ध परिस्थितियों में ट्रेन से कटकर मौत
