बिना जीएसटी प्रपत्र के 55.20 लाख की सुपारी ले जाते पकड़ा ट्रक

बकाया कर के अभियोग में 05 ट्रक भी सीज
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी के निर्देशन में एआरटीओ-प्रवर्तन सुभाष राजपूत ने माल वाहनों के विरूद्ध सघन चेकिंग अभियान चलाया। चेकिंग के दौरान बिना राज्य कर प्रपत्र सुपारी ढोते हुये 01 ट्रक संचालित पाया। जिसमें 55.20 लाख मूल्य की सुपारी लदी थी। एआरटीओ ने दूरभाष पर अमित त्यागी सहायक आयुक्त (राज्य कर) सचल दल फतेहगढ़ से इस ट्रक के राज्य कर भुगतान का सत्यापन कराया गया तो उनके द्वारा अवगत कराया गया कि वाहन में लदी सुपारी का जीएसटी जमा नहीं है। प्रस्तुत किये गये बिल के अनुसार वाहन में लदा माल दिल्ली से गुवाहटी (असम) जा रहा था, परन्तु यह जनपद में सेन्ट्रल जेल से अल्लागंज की ओर जाते हुये एआरटीओ आफिस के पास पकड़ा गया। ट्रक को अमित त्यागी सहायक आयुक्त राज्य कर सचल दल फतेहगढ़ को सुपुर्द कर दिया गया तथा उनके द्वारा ट्रक को सातनपुर मण्डी में सीज कर दिया गया है। परिवहन विभाग द्वारा इस ट्रक पर रू0 10 हजार का जुर्माना लगाया गया तथा राज्य कर विभाग द्वारा रू0 5.52 लाख का कर/शास्ति सम्भावित है। इसके अतिरिक्त 5 ट्रकों कों रू0 65 हजार के बकाया कर के अभियोग में सीज किया गया तथा 1 ओवरलोड ट्रक भी सीज किया गया। 02 ट्रक में रिफ्लेक्टिव टेप न लगा होने के अपराध में सीज किया गया। परिवहन विभाग द्वारा की कार्यवाही में 10 वाहनों के विरूद्ध कार्यवाही करते हुये 1.23 लाख का जुर्माना तथा 65 हजार टैक्स लगाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *