उन्नाव, समृद्धि न्यूज। लखनऊ-बांगरमऊ मार्ग पर अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दंपती को टक्कर मार दी, जिससे पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई और पति गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वही सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार कुसुमा 45 वर्ष पत्नी लालता निवासी रूरी सादिकपुर बंजारिया जो बीती शाम बांगरमऊ से अपने गांव लौट रहे थे। अभी वह सुरसेनी गांव के पास पहुंचे थे। तभी बाइक को पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सड़क पर दूर जा गिरे। राहगीरों ने घटना को देख पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने कुसुमा को मृत घोषित कर दिया। जबकि लालता, गंभीर रूप से घायल हो गए और प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की मदद से वाहन और चालक की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
