सूचना मिलने एसडीएम सदर व क्षेत्राधिकारी नगर मौके पर पहुंचे
परिजनों ने चालक को पकडऩे व डिवाइडर बनवाने की रखी मांग
अधिकारियों के लिखित आश्वासन पर परिजनों ने खोला जाम
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। स्कूटी से डियूटी करने जा रही महिला बीएलओ को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने कुचल दिया। तकरीबन 50 मीटर तक बीएलओ को डंपर ने सडक़ पर घसीटा। इसके बाद बीएलओ की दर्दनाक मौत हो गयी। घटना के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने डंपर को कब्जे में ले लिया है। घटना की सूचना परिजनों को दी गयी। पहुंचे परिजनों ने जाम लगा दिया और चालक को पकड़ऩे की मांग की। घटना की जानकारी पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों को दी गयी। सूचना पर एसडीएम सदर रजनीकांत पाण्डेय व सीओ सिटी ऐश्वर्या उपाध्याय व कादरीगेट थाना पुलिस पहुंचे और परिजनों को समझाया बुझाया, लेकिन परिजन नहीं माने। परिजनों ने कहा कि जेएसएम कॉलेज बघार के सामने से बघार तक डिवाइडर बनवाया जाये। लिखित आश्वासन मिलने पर परिजन जाम खोलने को तैयार हुए।
जानकारी के अनुसार मोहम्मदाबाद के ग्राम गोसरपुर की मूल निवासी 40 वर्षीय अर्चना सिंह पत्नी संजीव सिंह वर्तमान में नेकपुर एसआर कोल्ड के निकट रह रही थी। उनकी ड्यूटी वर्तमान में बीएलओ कार्य में लगाई गई थी। अर्चना सिंह शुक्रवार को स्कूटी से इटावा-बरेली हाईवे पर बघार की तरफ जा रही थी। इस दौरान जेएसएम कॉलेज के निकट पीछे से आ रहे हैं तेज रफ्तार डंपर ने अर्चना सिंह को टक्कर मार दी। जिससे वह सडक़ पर गिर गयीं और डंपर उन्हें रौंदता हुआ निकल गया। घटना के बाद डंपर चालक ने डंपर को रोकने की जगह उसको तेजी से भगाया। जिससे डंपर के नीचे फंसी अर्चना सिंह 50 मीटर तक घिसटती हुई चली गई और उनकी दर्दनाक मौत हो गयी। सूचना मिलने पर मृतका अर्चना के परिजन मौके पर पहुंचे। आक्रोशित परिजनों नें हाईवे पर जाम लगा दिया। परिजनों नें डिवाइडर बनवाने की मांग रखी और कहा की जिलाधिकारी व सांसद मौके पर आएं, तभी जाम खुलेगा। सूचना मिलने पर अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार, एसडीएम सदर रजनीकांत पांडेय, सीओ सिटी ऐश्वर्या उपाध्याय, कोतवाल फतेहगढ़ रणविजय सिंह, थानाध्यक्ष कादरीगेट कपिल कुमार आदि मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाने का प्रयास किया। परिजन चालक को पकडऩे तथा जेएसएम कॉलेज बघार के सामने से बघार तक डिबाइडर बनवाने की मांग पर लिखित आश्वासन पर जाम खोलने कों तैयार हुए। बताते चलें कि मृतका अर्चना सिंह मोहम्मदाबाद के गुडग़ांव स्थित प्राथमिक विद्यालय में शिक्षामित्र के पद पर कार्यरत थीं।
स्कूटी सवार बीएलओ को डंपर ने रौंदा, 20 मीटर तक घसीटा, मौत
