धूमधाम से मनाया गया सिटी गर्ल्स स्कूल का वार्षिकोत्सव

 छात्राओं ने क्रिसमस ड्रामा व रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत कर किया मंत्रमुग्ध
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। फर्रुखाबाद सिटी गगर्ल्स  स्कूल में वार्षिकोत्सव बड़े धूमधाम से मनाया गया। इस वार्षिकोत्सव का मुख्य उद्देश्य बच्चों के वर्षभर के शैक्षिक, सांस्कृतिक एवं सर्वांगीण विकास को उनके अभिभावकों के समक्ष प्रस्तुत करना था। कार्यक्रम के साथ-साथ क्रिसमस का आयोजन भी किया गया।
मुख्य अतिथि के रुप में जिला विद्यालय निरीक्षक नरेंद्र पाल सिंह को आमंत्रित किया गया। जिला विद्यालय निरीक्षक ने कहा कि विद्यालय के सभी शिक्षक एवं कर्मचारी प्रधानाचार्य के कुशल नेतृत्व में अत्यंत सराहनीय कार्य कर रहे हैं तथा बच्चों द्वारा प्रस्तुत किए गए कार्यक्रम अत्यंत सुंदर, अनुशासित एवं प्रभावशाली रहे। प्रधानाचार्य के विशेष प्रयासों से पहली बार बच्चों को पांच श्रेणियों में प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। जिससे बच्चों का उत्साहवर्धन हुआ। सभी अध्यापिकाओं ने पूर्ण निष्ठा, उत्साह और समर्पण के साथ कार्य करते हुए प्रत्येक कार्यक्रम को अत्यंत आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया। जिले के सभी सम्मानित पादरी स्टीफन मसीह, पादरी मनोज कुमार, प्रधानाचार्यगण डा0 नीतू मसीह, इंदू मिश्रा, विश्व मोहिनी पाण्डेय, अमित सिंह, डा0 धर्मेन्द्र रघुवंशी, डा0 अनिल मिश्रा, डा0 बृजभूषण सिंह, अनिल सिंह, राजेश निराला, पूनम सिंह उपस्थित रही और सभी ने कार्यक्रम की भूरि-भूरि प्रशंसा की। अभिभावकों ने भी अपनी प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि कार्यक्रम को देखकर ऐसा प्रतीत हुआ मानो उनका बच्चा किसी बड़े कॉन्वेंट स्कूल में अध्ययनरत हो।कार्यक्रम का संचालन शिक्षकों के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों द्वारा किया गया। बच्चों ने हिंदी एवं अंग्रेज़ी दोनों भाषाओं में सफलतापूर्वक एवं आत्मविश्वास के साथ मंच संचालन किया।
प्रधानाचार्य ऐस्तर रोज दयाल ने कहा कि विद्यालय सीएनआई आगरा से संबद्ध एक ईसाई शैक्षणिक संस्थान है, जो तीन मूल्यों-एकता, साक्ष्य एवं सेवा पर आधारित है। विद्यालय में विभिन्न धर्मों के विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण करते हैं तथा उन्हें एकता के साथ टीम-वर्क करना सिखाया जाता है। उन्होंने कहा कि हमें ईश्वर के प्रेम का साक्षी बनना है, उस प्रेम का, जिसके कारण ईश्वर ने अपने पुत्र को मानवता के कल्याण हेतु अर्पित किया। उसी प्रेम को हमें अपने कार्यों के माध्यम से प्रदर्शित करना चाहिए। सेवा ही परम धर्म है और मानव सेवा हमारा सर्वोच्च कर्तव्य है। प्रधानाचार्य ने इस सफल आयोजन के लिए सभी शिक्षकों- मीनाक्षी विल्किंसन, अमन मनीला, शिवानी प्लोमर, आकांक्षा विल्किंसन, राधा देवी, ममता यादव, निधि सिंह, कुमुदिनी वर्मा, प्रियंका मैसी, श्रेष्टा, शबनूर, मुस्कान, सना तथा अन्य सहयोगी गोपाल कटियार, राजेंद्र दास, मनीष, नितिन नॉक्स, पवन एवं प्रवीण का आभार व्यक्त किया और कहा कि सभी के सामूहिक सहयोग से ही यह कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हो सका। प्रधानाचार्य ने शिक्षकों एवं अभिभावकों से कहा कि जिन बच्चों को ईश्वर ने कच्ची मिट्टी की भांति हमारे हाथों में सौंपा है, उन्हें एक कुशल कुम्हार की तरह गढक़र उनके सपनों को पंख देना हमारा नैतिक दायित्व है। बच्चों में उदारता, संस्कार और अच्छाई का बीज बोना आवश्यक है, जिससे समाज एवं राष्ट्र का सर्वांगीण विकास संभव हो सके। प्रधानाचार्य ने सभी अभिभावकों एवं विशिष्ट अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हमें गर्व है कि हम भारतीय हैं सारे जहां से अच्छा हिंदुस्तान हमारा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *