
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। जिलाधिकारी संजय कुमार सिंह ने प्राथमिक विद्यालय सोता बहादुरपुर एवं प्राथमिक विद्यालय अमेठी कोहना ब्लॉक बढ़पुर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान नामांकन के सापेक्ष छात्र-छात्राओं की उपस्थिति बहुत कम पाई गई। डीएम ने अध्यापकों को निर्देशित करते हुए कहा कि अभिभावकों को प्रेरित कर छात्र-छात्राओं की उपस्थिति बढ़ाई जाए। एमडीएम रजिस्टर भी अपडेट नहीं पाया गया। डीएम ने प्रधानाध्यापकों को निर्देशित करते हुए कहा उपस्थिति रजिस्टर एवं एमडीएम रजिस्टर में पूर्वाहन में ही अटेंडेंस दर्ज की जाए। प्राथमिक विद्यालय में अमेठी कोहना में उपस्थिति पंजिका देखने पर पाया गया कि सहायक अध्यापक रितिका गुप्ता के हस्ताक्षर तो हैं पर मौके पर अनुपस्थित मिली। जिलाधिकारी ने वेतन पर रोक लगाने के साथ-साथ स्पष्टीकरण मांगने के निर्देश दिए।
