उन्नाव, समृद्धि न्यूज। बारा सगवर थाना क्षेत्र के गांव बेलहरा में सुबह सड़क हादसे में अधेड़ की मौत हो गई। इस हादसे में बाइक चला रहा साथी सर्वेश गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वही घायल साथी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, बारा सग़वर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बेलहरा निवासी बाबूलाल 50 वर्ष पुत्र बालकृष्ण अपने दोस्त निहाली खेड़ा निवासी सर्वेश के साथ शुक्रवार सुबह धानीखेड़ा जा रहे थे। तभी बेलहरा गांव के सामने से आ रहे एक लोडर ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर से बाइक सवार दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलने पर एंबुलेंस से दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने बाबूलाल को मृत घोषित कर दिया। वहीं, बाइक चालक घायल सर्वेश को प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया है। मृतक बाबूलाल धानीखेड़ा स्थित आरा मशीन में मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनके परिवार में पत्नी राजकुमारी, दो विवाहित पुत्रियां बबली और मनीषा, तथा तीन अविवाहित पुत्रियां ज्योती, जान्हवी और मानवी हैं। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है
थाना अध्यक्ष धर्मेंद्र नाथ मिश्रा ने बताया कि शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। तहरीर मिलने पर अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।
