कायमगंज, समृद्धि न्यूज। जीएसटी एसआईवी (विशेष जांच इकाई) की टीम ने शुक्रवार दोपहर कंपिल रोड स्थित एक तंबाकू गोदाम पर छापा मारा। इस कार्रवाई के दौरान गोदाम में संचालित तीन फर्मों अंशुल रस्तोगीए कायमगंज टुबैको और जनता टुबैको से लगभग 50 लाख रुपए मूल्य का अतिरिक्त माल बरामद किया गया। इटावा जीएसटी एसआईवी के डिप्टी कमिश्नर शैलेन्द्र कुमार सिंह और एसी जितेंद्र कुमार के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। छापेमारी के दौरान जीएसटी टीम ने गोदाम में मौजूद फर्मों के अभिलेखों की गहन जांच की। इसके साथ ही वहां रखे माल का भौतिक सत्यापन भी किया गया। अधिकारियों ने अभिलेखों में दर्ज स्टॉक और मौके पर मिले माल का आपस में मिलान किया। जिसमें बड़ी विसंगति पाई गई। जीएसटी अधिकारियों के पहुंचने से तंबाकू व्यापारियों में हडक़ंप मच गया। कई व्यापारियों ने एक.दूसरे को फोन कर टीम की गतिविधियों की जानकारी ली, जबकि कुछ गोदाम संचालकों ने अपने प्रतिष्ठानों पर ताले लगा दिए। डिप्टी कमिश्नर शैलेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि कंपिल रोड स्थित गोदाम में संचालित तीनों तंबाकू फर्मों के अभिलेखों की विस्तृत जांच में लगभग 50 लाख रुपए का अतिरिक्त माल मिला है, जो अभिलेखों में दर्ज नहीं था। उन्होंने बताया कि प्राथमिक जांच पूरी हो गई है और तीनों फर्मों के स्वामियों को शनिवार को जीएसटी कार्यालय में अपना पक्ष प्रस्तुत करने के लिए बुलाया गया है। इसके बाद अभिलेखीय जांच और नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
