150 बीघा आलू व गेहूं की फसल चट, रातभर पहरा बेकार
कमालगंज, समृद्धि न्यूज। थाना क्षेत्र के ग्राम गदनपुर देवराजपुर तथा अन्य आसपास के क्षेत्र में आवारा गोवंश किसानों के लिए गंभीर संकट बन गये हैं। झुंड के रूप में घूम रही गाय किसानों की आलू व गेहूं की फसलों को लगातार बर्बाद कर रही हैं। अब तक करीब 150 बीघा से अधिक क्षेत्र की फसल पूरी तरह नष्ट हो चुकी है। ग्रामीणों का कहना है कि आवारा गायें धारा नगला, कल्लू नगला, जंजाली नगला की ओर से आती हैं। किसान रात-रात भर खेतों में झोपड़ी डालकर पहरा देते हैं, लेकिन जरा सी लापरवाही या आंख लगते ही गायें झुंड बनाकर खेतों में घुस जाती हैं। आलू की फसल को इस कदर खोद देती हैं कि खेत ऐसा दिखाई देता है जैसे किसी मशीन से खुदाई कर दी गई हो।
कम दाम से पहले ही परेशान, अब फसल भी चौपट
किसानों का कहना है कि आलू का भाव पहले से ही इतना कम है कि लागत निकालना भी मुश्किल हो रहा है। भुगतान भी समय पर नहीं मिल पा रहा। ऐसे में गेहूं से कुछ उम्मीद थी, लेकिन अगर गेहूं की फसल भी इसी तरह नष्ट होती रही तो किसान और उसके परिवार के सामने भुखमरी का संकट खड़ा हो जाएगा।
किसानों की दर्दनाक दास्तान
सुरेंद्र निवासी गदनपुर देवराजपुरए की कई बीघा आलू की फसल पूरी तरह नष्ट हो गई। मजबूरी में उन्हें तुरंत खुदाई करानी पड़ी। देवराजपुर के एक किसान की लगभग 5 बीघा गेहूं की फसल गायों ने चट कर दी। राजू निवासी देवराजपुर का आलू पूरी तरह बर्बाद हो गया। नरेंद्र की ढाई बीघा आलू की फसल भी आवारा गोवंश ने नष्ट कर दी। ऐसे सैकड़ों किसान हैं जिनकी मेहनत पर पानी फिर चुका है।
प्रशासन से गुहार
किसानों का कहना है कि सालों में कभी-कभार ही फसल के अच्छे दाम मिलते हैं। बाकी समय किसान कर्ज और घाटे में जीता है। अगर आवारा गोवंश की समस्या पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो क्षेत्र का किसान पूरी तरह तबाह हो जाएगा। ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि गोशालाओं की व्यवस्था मजबूत की जाए। आवारा गोवंश को पकड़वाया जाए और किसानों की फसल की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।
