कायमगंज, समृद्धि न्यूज़। थाना क्षेत्र के ग्राम मई राशिदपुर में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब गुरुवार सुबह गांव के ही एक खेत में 45 वर्षीय ग्रामीण का लहूलुहान शव पड़ा मिला । मृतक की पहचान सोबरन सिंह (45) पुत्र सियाराम के रूप में हुई है।
अंदेशा जताया जा रहा है कि बुधवार देर रात अज्ञात हमलावरों ने सोबरन की गोली मारकर हत्या कर दी और शव को खेत में फेंक कर फरार हो गए। परिजनों के अनुसार, सोबरन सिंह बुधवार सुबह करीब 8 बजे घर से निकले थे।
उन्होंने परिजनों को बताया था कि वे पास के गांव सहसा में मजदूरी करने जा रहे हैं और उसके बाद पड़ोसी गांव कुतुबुद्दीनपुर में शिवकुमार यादव के पिता ब्रह्मानंद की तेरहवीं संस्कार की दावत में शामिल होंगे। जब सोबरन देर रात तक घर वापस नहीं लौटे, तो परिजनों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर उनकी खोजबीन शुरू की, लेकिन देर रात में उनका कोई सुराग नहीं लगा। गुरुवार सुबह करीब 7 बजे जब गांव का ही एक युवक अपने खेतों में पानी लगाने जा रहा था, तब उसने कुतुबुद्दीन नगर निवासी राजकेश यादव के खेत के पास झाड़ियां में सोबरन का लहूलुहान शव पड़ा देखा। शव के पास काफी खून बिखरा हुआ था। सूचना मिलते ही मृतक के परिजन और भारी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सूचना पर कोतवाली कायमगंज प्रभारी मदन मोहन पुलिस बल के साथ पहुंचे। घटनास्थल से 100 मीटर की दूरी पर भूरे नामक व्यक्ति के खेत में मृतक की साइकिल पड़ी हुई थी और जमीन पर एक खोखा कारतूस भी मिला। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार द्विवेदी और अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्यों को कब्जे में लिया है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। भाई जयशरण ने बताया कि सोबरन बुधवार सुबह घर पर मजदूरी करके पड़ोसी गांव कुतुबुद्दीनपुर ने तेरहवीं की दावत खाकर घर वापस लौटेगा। लेकिन देर रात जब नहीं लौटे तो हम लोगों ने खोजबीन की। लेकिन कुछ पता नहीं चला। सुबह भाई सोबरन का लहूलुहान शव खेत में पड़ा मिला। जिन्हें गोली मारी गई है। सोबरन सिंह अपने परिवार का मुख्य सहारा थे। उनकी मौत की खबर सुनते ही पत्नी पानवती और बेटियों काजल (14) व नेहा (13) का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक का एक बेटा अंकित दिल्ली में काम करता है, जिसे घटना की सूचना दे दी गई है। सोबरन पहले ही अपनी तीन बेटियों की शादी कर चुके थे। घटना के संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने बताया कि शव पर चोटों के निशान मिले हैं। फील्ड यूनिट ने साक्ष्य जुटाए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों और समय का स्पष्ट पता चल सकेगा। मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है। इसके अलावा बताया गया है कि मृतक सोबरन के तीन गोलियां मारी गई है एक गोली उसके सीने पर वही दो गोलियां उसकी पीठ पर मारी है ।
