श्रीरामनगरिया मेला में यूपी दिवस समारोह का हुआ भव्य आयोजन

 राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार रहे मौजूद, विभिन्न स्टालों का किया निरीक्षण
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। श्रीरामनगरिया मेला परिसर में उत्तर प्रदेश दिवस समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार समाज कल्याण विभाग उत्तर प्रदेश सरकार असीम अरुण, विधायक कायमगंज डॉ0 सुरभि, जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी, मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, मुख्य चिकित्सा अधिकारी अवनींद्र कुमार, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक डीआरडीए सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय कवि शिवओम अंबर, भूपेंद्र सिंह, विद्याप्रकाश दीक्षित, गौरव अग्रवाल, शांति शाक्य, मनीष सैनी, आस्तिकी मिश्रा, वैभव राठौर, स्मृति अग्निहोत्री एवं शैफाली पांडे को सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त 16 विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 16 कर्मचारियों को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। समारोह में सीएम युवा उद्यमी योजना, एनआरएलएम, उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना एवं श्रम आयुक्त विभाग के लाभार्थियों को मंत्री द्वारा चेक, आवास की चाबी, उज्ज्वला गैस सिलेंडर एवं प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। मंत्री ने विकास प्रदर्शनी में लगे विभिन्न विभागों के स्टालों का निरीक्षण किया। साथ ही सूचना विभाग एवं संस्कृति विभाग द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया। जिसमें सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं को प्रदर्शित किया गया था। कार्यक्रम के दौरान लखनऊ से प्रसारित गृहमंत्री भारत सरकार अमित शाह एवं मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश के लाइव संबोधन को उपस्थित जनसमूह ने सुना। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। अंत में जिला विकास अधिकारी श्याम कुमार तिवारी ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं मीडिया कर्मियों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *