शमशाबाद, समृद्धि न्यूज। मानसिक तनाव से जूझ रहे युवक ने जहर खाकर जान दी। मौत की सूचना के बाद घर परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की।
जानकारी के अनुसार कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के ग्राम घसिया चिलौली निवासी तीस वर्षीय युवक दीपक गंगवार पुत्र सर्वेश कुमार गंगवार ने मानसिक तनाव के चलते आखिरकार जहर खाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। घटना के संबंध में बताया गया है मृतक दीपक गंगवार की रिश्तेदारी शमशाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम फरीदपुर सैदबाड़ा में है। जहां उसकी बहन ब्याही है। दीपक पिछले कई दिनों से यही पर रहकर फैजबाग स्थित एक टेंट हाउस पर मेहनत मजदूरी करता था। बताया गया है दीपक गंगवार शराब पीने का आदी था। इससे पूर्व में भी उसने जहर खाकर जान देने की कोशिश की थी। एक लंबे समय से शराब पीने के कारण वह विक्षिप्त सा हो गया था। गुरुवार की शाम मृतक ने एक ढाबा के निकट एक दुकान के सामने शराब के नशे में कोई जहरीला पदार्थ खा लिया। जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गयी। बताया गया है पुलिस को जामा तलाशी में उसके पास चार पाऊच सलफास के मिले। उधर सडक़ किनारे पड़े युवक के शव को देख आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। भीड़ में कुछ लोगों ने थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना के बाद फैजबाग पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच पड़ताल की। चौकी प्रभारी फैजबाग जेके पटेल ने बताया मृतक के परिवार के लोगों को सूचना दे दी गई है। परिजनों के आने के बाद ही कोई कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
