अधिकारियों से बोले जन समस्याओं के निस्तारण मे हीलाहवाली अक्षम्य होगी
144 शिकायतों में से 23 शिकायतों का मौके पर किया गया निस्तारण
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। सम्पूर्ण समाधान दिवस में कानपुर मंडल के अपर आयुक्त बृज किशोर ने फरियादियों की समस्यायें सुनीं और समय से निस्तारण करने के निर्देश दिये।
जानकारी के अनुसार शनिवार को कायमगंज तहसील में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। तहसील परिसर में जनता की शिकायतों को कानपुर मण्डल के अपर आयुक्त बृज किशोर ने सुना और सम्बन्धित अधिकारियों को समस्याओं का समय से निस्तारण करने के निर्देश दिए। इस दौरान राजस्व, पुलिस, समाज कल्याण, खाद्य एवं रसद, चकबन्दी, विकास, विद्युत, समाज कल्याण, कृषि मार्केटिंग, लोक निर्माण एवं शिक्षा विभाग सहित विभिन्न विभागों से सम्बन्धित कुल 146 शिकायतें प्राप्त हुईं। इसमे से 23 मामलों का मौके पर निस्तारण हुआ तथा अन्य सभी मामलों को सम्बन्धित विभाग के अधिकारियों को हस्तानान्तरित करते हुए अपर आयुक्त ने समय सीमा के अन्दर गुणवत्तापूर्ण और पारदर्शी ढंग से निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अपर आयुक्त ने भूमि विवाद सम्बंधी मामलों को पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम बनाकर स्थलीय निरीक्षण और सत्यापन कर निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को सख्त हिदायत देते हुए कहा कि जन समस्याओं के निस्तारण मे हीलाहवाली अक्षम्य होगी। अधिकारी जन समस्याओं को गम्भीरता पूर्वक लें अन्यथा कार्रवाई के लिए तैयार रहें। अपर आयुक्त ने कहा कि हर व्यक्ति की समस्या का पूरी प्रतिबद्धता एवं पारदर्शिता से न्यायोचित समाधान शासन प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी। इस दौरान अपर जिलाधिकारी रवीन्द्र कुमार सिंह, तहसीलदार विक्रम सिंह, क्षेत्राधिवारी संजय वर्मा, वन क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार, नगर पालिका अधिशासी अधिकारी डा0 लव कुमार मिश्रा, कम्पिल अधिशासी अधिकारी अखलेश कुमार यादव, वीडियो कायमगंज राजेन्द्र प्रसाद, कायमगंज चिकित्सक जितेन्द्र कुमार, कायमगंज कोतवाली के एसएसआई सुरजीत यादव, कम्पिल थानाध्यक्ष विश्वनाथ आर्य, शमसाबाद थानाध्यक्ष तरुण कुमार, नवाबगंज थानाध्यक्ष विद्या सागर तिवारी, मेरापुर थानाध्यक्ष जितेन्द्र चौधरी, कस्बा चौकी इन्चार्ज नागेन्द्र सिंह सहित अन्य विभागों के लोग मौजूद रहे।
सम्पूर्ण समाधान दिवस: कानपुर मंडल के अपर आयुक्त ने सुनीं समस्यायें
