कायमगंज, समृद्धि न्यूज। भारतीय कृषक एसोसिएशन की पंचायत मोहल्ला जवाहरगंज स्थित कार्यालय पर प्रताप सिंह गंगवार की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। संचालन रामवीर जाटव ने किया। पंचायत में सर्वसम्मति से निर्णय किया गया कि जनपद में किसान आधार कार्ड बनवाने, संशोधन कराने के लिए डाकखाने व बैंकों में भटक रहा है। बैंक और डाकखाने वाले यह कहकर चलता कर देते हैं कि अभी सर्वर डाउन है फिर आना। किसान मुश्किल में है कि वह अपना और बच्चों के आधार के लिए कहा जाए। बड़ा डाकखाना नीवकरोरी व फर्रुखाबाद बस अड्डा के सामने लाल दरवाजा का भी वही हाल है। जहां डाक अधीक्षक खुद बैठते हैं। डाक कर्मचारियों द्वारा दो सौ रुपए से लेकर एक हजार रुपए तक सुविधा शुल्क की मांग होती है। कर्मचारियों को सुविधा शुल्क दे दो तो सब सम्भव है। वहीं फॉर्मर रजिस्ट्री के लिए भी किसान भटक रहा है। कस्बा कायमगंज में आधी अधूरी सडक़ बनवाकर नगर पालिका द्वारा भारी घोटाला किया गया है। जिसकी जांच कराकर कार्यवाही की जाये। वहीं पूरे नगर कायमगंज में भारी अतिक्रमण की समस्या है। आवागमन में काफी परेशानी होती है। घंटों जाम में फंसना पड़ता है। सडक़ के दोनों ओर फुटपाथ पर कब्जा है। किसानों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि उक्त समस्याओं का समाधान किया जाये। अगर समाधान न हुआ तो आंदोलन चलाया जायेगा। इस मौके पर राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनील कुमार दुबे, प्रदेश अध्यक्ष रामलाल गुप्ता, राष्ट्रीय संगठन मंत्री अमरीश शुक्ला, प्रदेश महासचिव मुन्नालाल सक्सेना, प्रदेश सचिव प्रताप सिंह गंगवार, कानपुर मंडल महासचिव रामवीर, विनीत कुमार सक्सेना, आशुतोष त्रिवेदी, निशांत, विजय शाक्य, अनुज सक्सेना, बिंदु सिंह आदि मौजूद रहे।