भाजपा के सर्टिफिकेट नेता की टिप्पणी पर भडक़े सपाई
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। भारतीय जनता पार्टी के एक सर्टिफिकेटधारी जनप्रतिनिधि द्वारा समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर की गई कंस वंशज जैसी अशोभनीय, आपत्तिजनक और अनर्गल टिप्पणी की कड़े शब्दों में समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष चन्द्रपाल सिंह यादव ने निंदा की है।
उन्होंने कहा कि यह बयान केवल और केवल एक हताश, दिशाहीन और मुद्दा-विहीन नेता की बौखलाहट का प्रमाण है, जो अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए इस प्रकार की धार्मिक और सामाजिक रूप से विभाजनकारी भाषा का प्रयोग कर रहे हैं। यह टिप्पणी न सिर्फ हमारी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का अपमान है, बल्कि समूचे यादव समाज और उस प्रगतिशील सोच का अपमान है, जो समाज को जोडऩे का काम करती है।
सच्चाई यह है कि भाजपा शासन में जनपद को पिछले 10 वर्षों में कुछ भी ठोस उपलब्धि नहीं मिली। ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस-वे और गंगा एक्सप्रेस-वे जैसी बड़ी परियोजनाएं हमारे हाथ से निकल गईं। महंगाई चरम पर है, बेरोजगारी रिकॉर्ड स्तर पर है। महिलाओं पर अत्याचार की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं और कानून व्यवस्था पूरी तरह से लचर है। जब इन सवालों पर जवाब नहीं होता, तो भाजपा के नेता धार्मिक और जातिगत टिप्पणियों का सहारा लेकर जनता का ध्यान असली मुद्दों से भटकाने की कोशिश करते हैं।
उन्होंने कहा कि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव न केवल यादव समाज के, बल्कि समस्त पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक और किसान-मजदूर वर्ग के मजबूत और लोकप्रिय नेता हैं। उन्होंने उत्तर प्रदेश को एक नई दिशा दी, विकास के ठोस कार्य किए और युवाओं को सम्मान दिया। समाजवादी पार्टी हमेशा से सद्भाव, भाईचारे और विकास की राजनीति में विश्वास रखती है और इस प्रकार की नीच, विभाजनकारी और अशोभनीय राजनीति का कड़ा विरोध करती है। उन्होंने कहा कि हम सर्टिफिकेट वाले नेताजी से मांग करते हैं कि वे इस बयान पर तुरंत माफी मांगें, अन्यथा समाजवादी पार्टी कार्यकर्ता जन आंदोलन के माध्यम से उनका विरोध करेगी।