कंपिल, समृद्धि न्यूज। खाना बनाते समय सिलेंडर में आग लगने से सिलेंडर फट गया। आग के विकराल रूप ने पड़ोसी पांच घरों को भी अपनी चपेट में ले लिया। ग्रामीणों ने स्थानीय संसाधनों से आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तब तक 6 घरों की नगदी, गृहस्थी जलकर राख हो गयी। पीडि़तों की सूचना पर पहुँचे प्रशासन कर्मियों ने आग से हुई क्षति का आकलन किया।
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के गांव नूरपुर निवासी लाल मियां की पत्नी रोशनी बुधवार दोपहर अपने दो मंजिला घर में खाना बना रही थी। अचानक सिलेंडर में आग लग आयी। सिलेंडर को जलता देख महिला शोर मचाती हुई छत से नीचे उतर गई। सिलेंडर तेज धमाके के साथ फट गया। सिलेंडर से निकली चिंगारी पांच घर दूर खालिद के घर में जा गिरी । जिससे खालिद के घर भी आग लग गयी। आग की सूचना पर गांव में भगदड़ मच गई। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ इक_ा हो गयी। धमाके से छत का लेंटर व दीवारें क्षतिग्रस्त हो गईं। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। हवा के झोंके से आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। पड़ोसी मुजायद, दूल्हे मियां, खालिद, इरशाद, इलियास के घरों को भी आग ने अपने आगोश में ले लिया। ग्रामीणों ने स्थानीय संसाधनों से आग बुझाने की कोशिश की। मगर तब तक घरों में रखी नगदी, अनाज, एवं घरेलू सामान जलकर खाक हो गया। पीडि़तों ने मामले की सूचना ग्राम प्रधान को दी। प्रधान की सूचना पर पहुँचे प्रशासन कर्मियों ने पीडि़तों से घटना की जानकारी ली। आग से हुई क्षति का आंकलन किया। पीडि़तों के अनुसार आग से 15 लाख का नुकसान हुआ है। पीडि़त सलीम ने बताया की कंपिल थाने की पुलिस के द्वारा फायर ब्रिगेड को सूचना दी गयी, लेकिन ग्रामीणों ने आग बुझा दी, लेकिन फायर ब्रिगेड मौके पर नहीं पहुंची। जिससे ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। हालांकि स्वजन बाल-बाल बच गए।
खाना बनाते समय आग लगने से सिलेंडर फटा, छह घरों की जली गृहस्थी
