प्रदेश अध्यक्ष विजय बंधु व ज्ञानप्रकाश त्रिपाठी ने कार्यक्रम में भरी हुंकार
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। अटेवा पेंशन बचाओ मंच के तत्वाधान में एनपीएस व यूपीएस, निजीकरण भारत छोड़ों तथा प्रदेश में मर्ज बंद हो रहे परिषदीय विद्यालय पर संवाद कार्यक्रम का आयोजन हुआ। अटेवा के प्रदेश अध्यक्ष विजय बंधु सहित प्रदेश के पदाधिकारियों ने भाग लिया। जनपद के नेता व प्रदेश संयुक्त मंत्री ज्ञानप्रकाश त्रिपाठी व जिलाध्यक्ष नरेन्द्र सिंह जाटव और सुनील कुमार ने प्रभारी बनकर भाग लिया। हरदोई में आयोजित कार्यक्रम में जनपद के लोगों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर एनपीएस व यूपीएस एवं निजीकरण का विरोध किया। प्रदेश अध्यक्ष विजय बंधु ने कहा कि एनपीएस व यूपीएस दोनों पेंशन बाजार आधारित कर्मचारियों के लिए हानिकारक है। शिक्षक व कर्मचारियों का बुढ़ापा सिर्फ पुरानी पेंशन व्यवस्था से सुरक्षित है। सरकार को एनपीएस, यूपीएस को बंद कर पुरानी पेंशन व्यवस्था लागू करनी चाहिए। प्रदेश महामंत्री नीरज त्रिपाठी, प्रांतीय सलाहकार ओमप्रिय कनौजिया, जिलाध्यक्ष जैनुल खान ने विचार व्यक्त किये। प्रदेश संयुक्त मंत्री ज्ञानप्रकाश त्रिपाठी ने कहा कि पिछले १० वर्षों से मांग की जा रही है कि सरकार पुरानी पेंशन व्यवस्था लागू न करके नई स्कीम ला रही है, जो हम लोगों को स्वीकार नहीं है। अटेवा जिलाध्यक्ष नरेन्द्र सिंह जाटव ने कहा कि जब तक पुरानी पेंशन सरकार बहाल नहीं करती है, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। सुनील कुमार ने कहा कि सरकार निजीकरण के तहत बेसिक विभाग के स्कूलों को बंद करना चाहती है, जिसका हम सब लोग विरोध कर रहे है। जिसका हम सभी विरोध करते है। बड़ी संख्या में अटेवा पदाधिकारी, शिक्षक, कर्मचारी मौजूद रहे।
एनपीएस, यूपीएस के विरोध में संवाद कार्यक्रम का हुआ आयोजन
