76 वें गणतंत्र दिवस पर डीएम ने कलेक्ट्रेट में किया ध्वजारोहण

जनपद के सभी सरकारी कार्यालयों एवं विद्यालयों में धूम-धाम एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया गणतंत्र दिवस समारोह: डीएम
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। 76 वां गणतंत्र दिवस जनपद में श्रद्धा, हर्षोल्लास एवं देशभक्ति के वातावरण में धूम-धाम से मनाया गया। इस राष्ट्रीय पावन पर्व के उपलक्ष्य में जनपद में विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने जनपदवासियों को हार्दिक शुभकामानाएं एवं बधाई दिया है। 76वें गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य में समस्त सरकारी भवनों पर प्रात: 08:30 बजे ध्वजारोहण किया गया। जिलाधिकारी ने जे0एन0वी0 तिराहे पर डॉ0 भीम राव अम्बेडकर की मूर्ति पर माल्यार्पण किया। कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने ध्वजारोहण के उपरान्त राष्ट्रगान एवं संविधान के प्रति निष्ठा और राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई व कलेक्ट्रेट गेट पर स्थापित नेता जी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित गणतंत्र दिवस कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों व कर्मचारियों को शुभकामनाएं एवं बधाई देते हुए कहा कि आजाद भारत के रूप में 75 वर्ष पूर्ण कर चुका हमारा देश पूरी दुनिया में आज एक परिपक्व राष्ट्र के रूप में भूमिका निभा रहा है। डीएम ने बताया कि आज इस राष्ट्रीय पर्व को पूरा देश मना रहा है, 26 जनवरी 1950 को हमारे देश में संविधान बन कर लागू किया गया था। इसी के तहत नीति नियम को बना कर धरातल पर लागू करने का बेस/आधार है संविधान, इस लिए हम गणतंत्र दिवस मनाते है, हमारे देश का संविधान विश्व का सबसे बड़ा लिखित संविधान है। संविधान मौलिक अधिकारों के साथ-साथ मौलिक कर्तव्यों की भी याद दिलाता है। डीएम ने कहा कि जनपद विकास करेगा तो देश विकास करेगा, इसके लिए हम सबको अपने कर्तव्यों के प्रति ईमानदारी से कार्य करना होगा। डीएम ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी की आश्रित उर्मिला देवी को शॉल ओड़ाकर सम्मानित किया व उनका आयुष्मान कार्ड तत्काल बनवाकर उपलब्ध कराया और कहा कि ये धरोहर है उस संघर्ष की जिसके उपरांत हमे स्वतंत्रता प्राप्त हुई है, लोकतंत्र में कोई भी व्यक्ति योग्यता के आधार पर चुन कर राष्ट्रपति/प्रधानमंत्री बन सकता है। सभी ने देश की आजादी के शहीदों को नमन और उनके संघर्षो की याद किया एवं धर्म, जाति, भाषा, एवं क्षेत्रवाद से उपर उठकर देशवाद के रास्ते पर चलने का संकल्प लिया। डीएम ने अपने सम्बोधन में सरकार की लाभार्थीपरक एवं जन कल्याणकारी योजनाओं के प्रगति के बारे में विस्तार से चर्चा की। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी, नगर मजिस्ट्रेट, डिप्टी कलेक्टर, आबकारी अधिकारी व कलेक्ट्रेट के कर्मचारी उपस्थित रहे। इसके पश्चात जिलाधिकारी द्वारा पुलिस लाइन पहुंचकर परेड का निरीक्षण किया व विभिन्न पुलिस कर्मियों को उनकी उत्कृष्ट सेवा के लिये प्रमाणपत्र प्रदान किये। इसके बाद जिलाधिकारी द्वारा राम मनोहर लोहिया जिला चिकित्सालय पहुंचकर मरीजो को फलों का वितरण किया। उसके बाद केंद्रीय कारागार पहुंचकर कारगर के अस्पताल में भर्ती बंदियों को फल व कंबल का वितरण किया व गौशाला में गायों को गुड व रोटी खिलाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *