जिले की सभी सरकारी कार्यालयों/विद्यालयों में धूमधाम से मना गणतंत्र दिवस
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। 77 वां गणतंत्र दिवस जनपद में श्रद्धा, हर्षोल्लास एवं देशभक्ति के वातावरण में धूमधाम से मनाया गया। इस राष्ट्रीय पावन पर्व के उपलक्ष्य में जनपद में विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने जनपदवासियों को शुभकामानाएं दीं।
77वें गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य में समस्त सरकारी भवनों पर प्रात: 08:30 बजे ध्वजारोहण किया गया। सर्वप्रथम कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने ध्वजारोहण किया। ध्वजारोहण के उपरान्त राष्ट्रगान एवं संविधान के प्रति निष्ठा और राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई व कलेक्ट्रेट गेट पर स्थापित नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। बाद में कलेक्ट्रेट सभागार में भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण व पुष्पांजलि अर्पित की गई। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित गणतंत्र दिवस कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों व कर्मचारियों को शुभकामनाएं एवं बधाई देते हुए कहा कि आजाद भारत के रूप में हमारा देश पूरी दुनिया में आज एक परिपक्व राष्ट्र के रूप में भूमिका निभा रहा है।
जिलाधिकारी ने बताया कि आज इस राष्ट्रीय पर्व को पूरा देश मना रहा है। 26 जनवरी 1950 को हमारे देश में संविधान बनकर लागू किया गया था। इसी के तहत नीति नियम को बनाकर धरातल पर लागू करने का बेस/आधार है संविधान। इसलिए हम गणतंत्र दिवस मनाते है। हमारे देश का संविधान विश्व का सबसे बड़?ा लिखित संविधान है। संविधान मौलिक अधिकारों के साथ-साथ मौलिक कर्तव्यों की भी याद दिलाता है। जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद विकास करेगा तो देश विकास करेगा। इसके लिए हम सबको अपने कर्तव्यों के प्रति ईमानदारी से कार्य करना होगा। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त और राजस्व, अपर जिलाधिकारी न्यायिक, अपर उप जिलाधिकारी सदर, आबकारी अधिकारी द्वारा भी अपने विचार वयक्त किये गए। इसके साथ ही जिलाधिकारी द्वारा विभिन्न विभागों के कर्मचारियों को उत्कृष्ट कार्य हेतु प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी, नगर मजिस्ट्रेट, जिला विकास अधिकारी, पी0डी0 डी0आर0डी0ए0 व कलेक्ट्रेट के कर्मचारी उपस्थित रहे। इसके पश्चात जिलाधिकारी द्वारा पुलिस लाइन पहुँचकर परेड का निरीक्षण किया व विभिन्न पुलिस कर्मियों को उनकी उत्कृष्ट सेवा के लिये प्रमाण-पत्र प्रदान किये। इसके बाद जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक द्वारा राम मनोहर लोहिया जिला चिकित्सालय पहुँचकर मरीजो को फलों का वितरण किया गया। उसके बाद केंद्रीय कारागार पहुँचकर कारागर के अस्पताल में भर्ती बंदियों को फल वितरण किया गया। तत्पश्चात जिला कारागार पहुँचकर जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक द्वारा अस्पताल में भर्ती मरीजों व महिला बंदियों को फलों का वितरण किया गया।
77 वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर डीएम ने कलेक्ट्रेट में किया ध्वजारोहण
