मोकामा में बवाल: दुलारचंद की हत्या में अनंत सिंह के खिलाफ FIR

समृद्धि न्यूज। मोकामा में जनसुराज प्रत्याशी के समर्थक की हत्या के बाद इलाके में तनाव है। मृत दुलारचंद के समर्थक अनंत सिंह पर हत्या का आरोप लगा रहे हैं। वह उनकी गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। मोकामा में जनसुराज समर्थक और कभी बाहुबली रहे दुलारचंद यादव की हत्या के बाद अब उनके घर में मातम पसरा हुआ है। देर रात मृतक दुलारचंद यादव के पोते के बयान पर पुलिस ने अनंत सिंह, उनके दो भतीजों रणवीर और कर्मवीर समेत 5 लोगों पर हत्या की नामजद प्राथमिकी दर्ज की है। मृतक के परिजनों का आरोप है कि अनंत सिंह के लोगों ने पहले गोली मारी और फिर गाड़ी चढ़ाकर दुलारचंद की हत्या कर दी। अभी तक इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। वहीं मोकामा सामाजिक कार्यकर्ता और जनसुराज के प्रत्याशी पीयूष प्रियदर्शी के समर्थक दुलारचंद यादव की अंतिम यात्रा में सैकड़ों लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी है। दोपहर में दुलारचंद की अंतिम यात्रा निकाली गई। इसमें दर्जनों लोग लाठी-डंडे लेकर निकले। गुस्साए लोगों ने अनंत सिंह को फांसी दो, के नारे लगाए। मृतक के परिजनों का कहना है कि सब लोगों ने देखा कि किस तरह से इस वारदात को अंजाम दिया गया है। पुलिस से अपील है वह जल्द से जल्द अनंत सिंह को गिरफ्तार करे। दुलारचंद यादव के पोते ने आरोप लगाया है कि अनंत सिंह ने मेरे दादा की हत्या कराई है, अब मेरी भी हत्या हो सकती है। उन्होंने प्रशासन पर निष्क्रियता का आरोप लगाते हुए कहा कि हम पढ़े-लिखे लोग हैं, हम लोग एके-47 नहीं रखते हैं। वहीं अनंत सिंह ने कहा है कि उनके ऊपर लगाए गए सारे आरोप बेबुनियाद हैं। यह सब राष्ट्रीय जनता दल की प्रत्याशी वीणा देवी के पति सूरजभान सिंह की साजिश है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *