समृद्धि न्यूज। मौसम विभाग ने उत्तर भारत के कई राज्यों में आने वाले चार से पांच दिनों के दौरान हीटवेव को लेकर अलर्ट किया है। जम्मू-कश्मीर से लेकर पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली समेत देश के कई राज्यों में आने वाले दिनों में भीषण गर्मी पडऩे का अनुमान है। जम्मू-कश्मीर से लेकर मध्य प्रदेश तक उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के आठ राज्य भीषण लू की चपेट में हैं। आसमान से बरसती आग में दिल्ली-एनसीआर समेत पूरा उत्तर भारत उबल रहा है। दिन में प्रचंड धूप के बाद रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिल रही। उमस ने तपिश की चुभन और बढ़ा दी है। दिल्ली-एनसीआर में सोमवार को तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, लेकिन तपिश 51.52 डिग्री जैसी महसूस की गई। मौसम विभाग ने 12 जून तक के लिए भीषण गर्मी और लू का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान उमस के साथ पारा 45 डिग्री सेल्सियस को पार कर सकता है। राजस्थान के कई हिस्सों में पहले ही तापमान 45 डिग्री को पार कर चुका है।
देश में मई में हुई बारिश के चलते मौसम सुहावना बना रहा। मई में दिल्ली और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में हुई बारिश ने लोगों को गर्मी की तपिश महसूस नहीं होने दी, लेकिन जून में अब दिल्ली और अन्य राज्यों में लोग गर्मी झेल रहे हैं। सोमवार को देश की राजधानी में पारा 45 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। सोमवार को दिन के समय खासी चुभन भरी गर्मी रही। सोमवार को राजधानी में दिनभर आसमान साफ रहने और तेज धूप निकलने के कारण एनसीआर के लोग गर्मी से बेहाल रहे। आज भी राजधानी में भीषण गर्मी रहेगी। अधिकतम तापमान 44 और न्यूनतम 29 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। धूल उड़ाती हवाएं और लू चल सकती है। 12 जून तक राजधानी में लू चलेगी। फिर 13 जून से राहत के मिल सकती है। क्योंकि मौसम विभाग ने 13 जून से बारिश की संभावना जताई है।
यूपी में कल से लौटेगी बारिश
उत्तर प्रदेश में इन दिनों लोग गर्मी से बेहाल हैं। मौसम विभाग के अनुसार, आज प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में मौसम शुष्क रहने वाला है। मौसम विभाग ने ललितपुर, झांसी, जालौन, महोबा, हमीरपुर, इटावा, फिरोजाबाद, आगरा, हाथरस, अलीगढ़ और मथुरा में हीट वेव को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। कल से फिर यूपी में बरसात लौट सकती है। 12 जून को यूपी के 60 फीसदी जिलों में बारिश और आंधी का अलर्ट है।
पिछले 24 घंटों के दौरान मौसम का वास्तविक हाल
पश्चिमी राजस्थान में अलग-अलग स्थानों पर भीषण गर्मी की स्थिति के साथ कई स्थानों पर लू की स्थिति बनी रही। जम्मू कश्मीर में अलग अलग स्थानों पर लू की स्थिति बनी रही। मराठवाड़ा, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में अलग अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा दर्ज की गई। मिजोरम, गोवा, तमिलनाडु, केरल, तटीय कर्नाटक, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक, तेलंगाना, रायलसीमा में अलग अलग स्थानों पर भारी वर्षा हुई।
तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल, मराठवाड़ा, जम्मू-कश्मीर, विदर्भ, पश्चिमी मध्य प्रदेश, पश्चिमी राजस्थान, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, मध्य महाराष्ट्र, हिमाचल प्रदेश और ओडिशा में अलग-अलग स्थानों पर बारिश के साथ तेज हवा चली।