समृद्धि न्यूज। हरियाणा के सिरसा जिले में 24 साल की महिला ने एक साथ 4 बच्चों को जन्म दिया। जिनमें दो लडक़े और दो लड़कियां शामिल हैं। जन्म के बाद चारों बच्चे ठीक हैं। बताया जा रहा है कि महिला पहली बार मां बनी है। परिवार की खुशियों को ठिकाना नहीं है। हालांकि महिला की डिलीवरी 14 मई को हुई थी।
जानकारी के मुताबिक, सिरसा के गांव टीटू खेड़ा निवासी एक महिला द्वारा 4 बच्चों को जन्म देना चर्चा का विषय बना हुआ है। सिरसा में भी ऐसा केस बीते कई सालों में न देखा गया और न ही सुना गया। परिवार वालों का कहना है कि डिलीवरी से पहले उनकी इच्छा थी कि लडक़ी हो, लेकिन एक साथ 2 लडक़े और 2 लड़कियों का होना किसी चमत्कार से कम नहीं है। चारों बच्चे और मां एकदम स्वस्थ हैं। इन चारों बच्चों को संभालने के लिए पूरा परिवार लगा हुआ है। बच्चों को गोद में लेने के लिए लोगों के बीच होड़ लगी हुई है। लोग इन चार बच्चों को देखने के लिए उनके घर पर बधाई देने पहुंच रहे हैं। सोनू और रज्जो की शादी एक साल पहले हुई थी। सोनू गांव में ही खेती बाड़ी और मजदूरी का काम करता है। 14 मई को सिविल अस्पताल में रज्जो को डिलीवरी के लिए ले जाया गया था। इस दौरान सिजिरियन डिलिवरी हुई। इसके बाद 4 जून को महिला को हॉस्पिटल से छुट्टी मिल गई। परिजनों का कहना है कि चार बच्चों के पैदा होने से चमत्कार जैसा लग रहा है। सभी लोग खुश हैं और बच्चों की देखभाल कर रहे हैं। हालांकि डिलीवरी से पहले केवल एक बेटी की इच्छा थी।
हरियाणा के सिरसा में महिला ने एक साथ 4 बच्चों को दिया जन्म
